बिहार चुनाव 2020ः मांझी बोले- रामविलास के सपनों के बंगले को चिराग ने जलाया, कहीं दिख नहीं रहे राजद के एजेंट
टीवी चैनलों की ओर से जारी एक्जिट पोल के बाद हार-जीत को लेकर उम्मीदवार अपने-अपने पक्ष में परिणाम आने की बातें कर रहे हैं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हम पार्टी सुप्रीमो जीतन राम मांझी ने भी लोजपा के अध्यक्ष पर हमला किया है।
पटना, जेएनएन। बिहार विधानसभा चुनाव का आखिरी चरण संपन्न होने के साथ ही सियासी गलियारे से नेता हमलावर होने लगे हैं। शनिवार को टीवी चैनलों की ओर से जारी एक्जिट पोल के बाद हार-जीत को लेकर उम्मीदवार अपने-अपने पक्ष में परिणाम आने की बातें कर रहे हैं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हम पार्टी सुप्रीमो जीतन राम मांझी ने भी लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष पर हमला किया है। मांझी ने रविवार को चिराग को कटाक्ष करता ट्वीट किया। ट्वीट में जीतन राम मांझी ने चिराग को राजद का एजेंट बताया है।
कहां हैं चिराग, दिखाई क्यों नहीं दे रहे
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हम पार्टी सुप्रीमो जीतन राम मांझी ने रविवार को कहा कि सरकार बनाने का दावा करने वाले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एजेंट और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष चिराग पासवान कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं। किसी को मिले तो बता दीजिएगा। जीतन राम मांझी ने आरोप लगाए कि अपने पिता रामविलास पासवान के सपनों के बंगले को चिराग पासवान ने ही जला दिया।
एक्जिट पोल के विपरीत आएंगे परिणाम
चुनाव संपन्न होने के बाद मांझी ने विभिन्न टीवी चैनलों की ओर से जारी एक्जिट पोल पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि एक्जिट पोल की विश्वसनीयता पर ही सवाल है। उन्होंने उदाहरण देकर पटना की एक विधानसभा का जिक्र किया है। इसके साथ ही एक्जिट पोल को लेकर उन्होंने शाहपुर विधानसभा की भी चर्चा की है। सीधे तौर पर हम पार्टी सुप्रीमो जीतन राम मांझी ने कहा है कि चुनाव परिणाम एक्जिट पोल के नतीजों के विपरीत आएंगे।
चिराग ने लालकृष्ण आडवाणी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) प्रमुख चिराग पासवान ने रविवार को ट्वीट कर पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। चिराग ने कहा कि मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि आप सदैव स्वस्थ रहें और प्रभु आपको दीर्घायु जीवन प्रदान करें।