अपर्णा यादव के भाजपा में आने से बिहार के भाजपाई भी खुश, सुशील मोदी ने कहा- यूपी में सरकार बनना तय
Bihar Politics उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव की गर्माहट बिहार में भी साफ महसूस की जा रही है। मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू अपर्णा यादव के भाजपा में आने से बिहार के भाजपाई भी खूब उत्साहित हैं। दरअसल यादव वोट बैंक बिहार में भी काफी महत्वपूर्ण है।

पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Politics: उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव की गर्माहट बिहार में भी साफ महसूस की जा रही है। मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू अपर्णा यादव के भाजपा में आने से बिहार के भाजपाई भी खूब उत्साहित हैं। दरअसल, यादव वोट बैंक बिहार में भी काफी महत्वपूर्ण है। भाजपा ने बिहार में भी इस वोट बैंक को साधने की खूब कोशिशें की हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी ने कहा है कि अपर्णा यादव के भाजपा में आने का फायदा उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में मिलेगा। इसी तरह पंजाब में कैप्टर अमरिंदर सिंह के साथ का भी लाभ मिलना तय है।
प्रचंड बहुमत से यूपी में वापसी करेगी भाजपा
सुशील मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने जिस तरह से विकास को रफ्तार दी, पारदर्शी तरीके से टाइम बाउंड भर्तियां कीं और जनता को दुर्दांत अपराधियों-माफियाओं से मुक्ति दिलाई भाजपा की प्रचंड बहुमत से सत्ता में वापसी तय है। इसके साथ ही मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू अपर्णा यादव का भाजपा में शामिल होना शुभ संदेश है। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में यूपी, गोवा सहित चार राज्यों में भाजपा फिर सरकार बनाने का जनादेश प्राप्त करेगी। पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी का साथ मिलने से गुरु की धरती को कांग्रेस-मुक्त करने में पार्टी अवश्य सफल होगी।
महाराणा की प्रतिमा लगाने का तार किशोर को सौंपा ज्ञापन
इधर, भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीष कुमार और प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ने बुधवार को उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद से मुलाकात कर पटना में महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग पत्र सौंपा। उपमुख्यमंत्री ने मांग पत्र को स्वीकार्य कर आश्वासन दिया की शीघ्र ही पटना के किसी मुख्य चौराहा पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
बिहार में अपराध और अपराधी बेलगाम : कांग्रेस
पटना के राजीव नगर में व्यवसायी पर हुए जानलेवा हमले के बाद कांग्रेस ने आरोप लगाए कि राज्य में अपराध और अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष राजेश राठौड़ ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि सुशासन की सरकार का दावा केवल कहने को है। डबल इंजन सरकार पूरी तरीके से विफल साबित हो रही है। सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है। पुलिस के द्वारा अपराध नियंत्रण नहीं किया जा रहा है और राजधानी में ऐसे खुलेआम घटनाओं से यह स्पष्ट हो चुका है कि राज्य सरकार अपराधियों के समक्ष सरेंडर कर चुकी है।
Edited By Shubh Narayan Pathak