गुप्तेश्वर के चुनाव लड़ने पर बोले अश्विनी चौबे बक्सर तो भाजपा की परंपरागत सीट
बिहार के पुलिस महानिदेशक रहे गुप्तेश्वर पांडेय के वीआरएस लेकर चुनावी मैदान में उतरने की खबर से बिहार का बक्सर चर्चा में आ गया है। जानें इस सीट से सांसद व केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे क्या कहते हैं।
बक्सर, जेएनएन। बक्सर इन दिनों चर्चा में है। बिहार के पुलिस महानिदेशक रहे गुप्तेश्वर पांडेय के वीआरएस लेकर चुनावी मैदान में उतरने की खबर आई तो कहा गया है कि वह बक्सर से जदयू के उम्मीदवार हो सकते हैं। हालांकि भाजपा के नेता इससे इत्तेफाक नहीं रखते।
बक्सर भाजपा की परंपरागत सीट
बक्सर के सांसद व केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने रविवार को दैनिक जागरण को बताया कि बक्सर सदर भाजपा की परंपरागत सीट है। गठबंधन में शामिल हर दल अपनी कुछ खास सीट को लेकर आश्वस्त रहते हैं। यहां से भाजपा में कई योग्य उम्मीदवार हैं और पार्टी उन्हीं में से अपना प्रत्याशी तय करेगी।
एनडीए के किसी अन्य दल के चुनाव लड़ने की बात नहीं पता
चौबे ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि एनडीए के किसी अन्य दल के यहां से चुनाव लड़ने की बात कहां से आई, लेकिन इतना जरूर बता सकते हैं कि यह हवा में है। एनडीए की कोर कमेटी की बैठक में यह तय होता है कि कौन दल कहां से चुनाव लड़ेगा, यह बैठक अगले कुछ दिनों में होने वाली है। इधर, बक्सर के जदयू जिलाध्यक्ष ने कुछ दिनों पूर्व यह बयान दिया था कि बक्सर सदर सीट पर उनकी पार्टी चुनाव लड़ेगी। इस बयान से उनका इशारा पूर्व डीजीपी की ओर था। हालांकि, अब वे इस संबंध में कोई बात नहीं कहना चाहते और इतना ही कह रहे हैं कि वक्त आने पर सब पता चल जाएगा।
महागठबंधन में भी बक्सर पर रार
बक्सर जिले में महागठबंधन के लिए भी सीट की गुत्थी उलझी हुई है। पिछले चुनाव में महागठबंधन में जदयू शामिल था और कांग्रेस को जिले के चार में से एक बक्सर सदर सीट मिली थी। दो सीटों पर जदयू और एक पर राजद ने चुनाव लड़ा था। इस बार जदयू महागठबंधन में नहीं है, ऐसे में कांग्रेस कम से कम दो सीटों पर अपनी दावेदारी ठोक रही है। इनमें एक सीट बक्सर सदर की तो है ही, दूसरी सीट कौन होगी, इसके पत्ते पार्टी नहीं खोल रही है।