Bihar Assembly Election 2020: शाहनवाज बोले- विश्व के सबसे अनुभवी CM हैं नीतीश, खाता नहीं खोल पाएगी RJD
पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि लोकसभा चुनाव की तरह बिहार विधानसभा चुनाव में राजद का सफाया हो जाएगा। बिहार में फिर एनडीए की सरकार बनेगी।
पटना, जेएनएन। Bihar Assembly Election 2020: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता व पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि लोकसभा चुनाव की तरह बिहार विधानसभा चुनाव में राजद का सफाया हो जाएगा। बिहार में फिर एनडीए की सरकार बनेगी। पटना में पूर्व केंद्रीय मंत्री भाजपा के कैलाशपति मिश्र मीडिया सेंटर में शनिवार को पत्रकारों से रूबरू थे। इस मौके पर उन्होंने नीतीश कुमार को विश्व का सबसे अनुभवी मुख्यमंत्री बताया।
15 वर्ष बनाम 15 वर्ष का अंतर बहुत साफ
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार में 15 वर्ष बनाम 15 वर्ष का अंतर बहुत साफ है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए बहुत बढ़िया काम किया है। जनता नीतीश के कार्यों को पसंद कर रही है। कृषि क्षेत्र में भी सरकार की ओर से बेहतर कार्य किया गया है। बालिका साइकिल योजना शुरू की गई। शाहनवाज ने कहा कि जिनको फर्क नहीं दिखता उनके लिए फर्क साफ है। शाहनवाज ने कहा कि चुनाव के बाद सारे फर्क साफ-साफ हो जाएंगे।
नीतीश कुमार ने नामुमकिन को मुमकिन किया
इस मौके पर शाहनवाज हुसैन ने एनडीए सरकार द्वारा किए गए कार्यों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि पहले ग्रामीण सड़क 835 किलोमीटर थी, जो अब 94 हजार किलोमीटर लंबी हो गई है। नीतीश कुमार ने बिहार के लिए नामुमकिन को मुमकिन किया है।
एनडीए एकजुट होकर लड़ेगा चुनाव
हुसैन ने कहा कि नीतीश विश्व के सबसे अनुभव वाले सीएम हैं। नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा। लोकसभा चुनाव की तरह तकरीबन सौ फीसद सीटें हम जीतेंगे। राजद नेता लोकसभा में खाता भी नहीं खोल पाए। हम इस बार भी अपने विरोधियों को जीरो पर आउट करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार को कई तोहफे दिए हैं। बिहार के लोग नीतीश कुमार को फिर मुख्यमंत्री बनाएंगे। उन्होंने साफ-साफ दिखाया है कि पहले की सरकारों ने क्या किया, और उनके नेतृत्व वाली सरकार ने क्या किया है।