Bihar Assembly Election 2020: महागठबंधन में मांझी दरकिनार, 12 सीटों की घोषणा के साथ अब JMM की एंट्री
Bihar Assembly Election 2020 महागठबंधन मे जीतनराम मांझी को दरकिनार कर अब झारखंड मुक्ति मोर्चा ने महागठबंधन में एंट्री ली है। झामुमो ने 12 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा भी की है।
राज्य ब्यूरो, पटना। महागठबंधन के घटक दलों के किचकिच से अलग राजद अब बिहार में एक नए दल से दोस्ती करेगा। इसके लिए झारखंड में सक्रिय झामुमो से बातचीत चल रही है। झामुमो से गठबंधन के सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि झारखंड में हम साथ-साथ हैं। बिहार में भी उन्हें जोड़ा जाएगा। उधर, झामुमो ने बिहार की 12 सीटों पर राजद के साथ चुनाव लडऩे की घोषणा भी कर दी है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को लोजपा प्रमुख चिराग पासवान के अगले कदम का भी इंतजार है।
महागठबंधन में जीतनराम मांझी हुए दरकिनार
तेजस्वी ने हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतन राम मांझी को दरकिनार करके साफ कर दिया है कि वह किसी के दबाव में आने वाले नहीं हैं। राजद के तीनों प्रत्याशियों के निर्विरोध चुने जाने पर तेजस्वी ने उन्हें शुभकामनाएं दी और विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि हमसे गलती हुई तो जनता ने हमें सत्ता से बाहर रखा। किंतु अब सत्ता में बैठे लोगों के बाहर होने की बारी है।
झामुमो का दावा-राजद के साथ मिलकर 12 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव
झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बिहार विधानसभा चुनाव में राजद के साथ मिलकर 12 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया है। झामुमो के महासचिव एवं प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने सोमवार को रांची में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में घोषणा की कि झारखंड मुक्ति मोर्चा आगामी बिहार विधानसभा चुनावों में 12 सीटों पर अपने उम्मीवार उतारेगी और यह चुनाव उनकी पार्टी राजद गठबंधन के साथ मिलकर लड़ेगी।
उन्होंने संभावित सीटों का ब्योरा भी दिया है, जिनमें तारापुर, कटोरिया, मनिहारी, झाझा, बांका, ठाकुरगंज, रूपौली, रामपुर, बनमनखी, जमालपुर, पीरपैंती और चकाई शामिल हैं।
तेजस्वी ने कहा-चिराग सही मुद्दे उठा रहे हैं
नेता प्रतिपक्ष ने महागठबंधन में लोजपा के लाने के सवाल पर कहा कि बातचीत होगी तब विचार किया जा सकता है। फिलहाल कोई टिप्पणी करना मुनासिब नहीं है। किंतु चिराग पासवान जिन मुद्दों को उठा रहे हैं, वह सही है और उनके बारे में राजग को मुंह तो खोलना ही पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राजग में चाहे जो भी खिचड़ी पक रही है, लेकिन बिहार की जनता को भुगतना पड़ रहा है।