Bihar Election 2020: अनंत सिंह- मोकामा के छोटे सरकार, दबंगई ऐसी कि CM तक को दी थी धमकी!
Bihar Assembly Election 2020 मोाकामा के निवर्तमान निर्दलीय विधायक अनंत सिंह इस बार आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। बाहुबली अनंत सिंह पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उनकी दबंगई का एक किस्सा यह भी है कि एक बार उन्होंने मुख्यमंत्री तक को धमकी दी थी।
पटना, जेएनएन। Bihar Assembly Election 2020: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के टिकट पर मोकामा सीट (Mokama Assembly Seat) पर चुनाव लड़ रहे बाहुबली अनंत सिंह (Anant Singh) बीते लोकसभा चुनाव तक पार्टी सुप्रीमो लालू यादव (Lalu Prasad Yadav) की आंखो की किरकिरी थे। उनके बेटे व महागठबंधन (Mahagathbandhan) के मुख्यमंत्री चेहरे तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) उन्हें असामजिक तत्व (Bad Element) कह रहे थे। लेकिन बदली राजनीति में अब वे लालू व तेजस्वी के साथ हैं। उनका मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के प्रत्याशी राजीव लोचन सिंह से है। हालांकि, एक दौर वह भी था, जब अनंत सिंह को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) का करीबी माना जाता था। उस दौरान अनंत सिंह ने नीतीश कुमार से बगावत करने वाले तत्कालीन मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी (Jitan Ram Manjhi) काे बड़ी धमकी दे डाली थी।
अनंत सिंह पर हत्या सहित तीन दर्जन आपराधिक मामले दर्ज
अनंत सिंह के खिलाफ हत्या सहित करीब तीन दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। रॉबिनहुड छवि वाले मोकामा के इस डॉन को वहां के लोग 'छोटे सरकार' के नाम से जानते हैं। अनंत सिंह की दबंगई का अंदाजा लगाने के लिए यह जानकारी ही काफी है कि एक बार उन्होंने बिहार का मुख्यमंत्री रहते हुए जीतनराम मांझी को धमकी दी थी। मांझी को अनंत ने धमकी उन्होंने तब दी थी, जब उन्होंने नीतीश कुमार के खिलाफ बगावत का झंडा बुलंद किया था। कहा जाता है कि अनंत सिंह ने इससे पहले नीतीश सरकार में मंत्री रहीं परवीन अमानुल्लाह को भी धमकी दे डाली थी।
पुटुस हत्याकांड के बाद झेलनी पड़ी लालू यादव की नाराजगी
खैर, दबंग छवि वाले अनंत सिंह ने 2005 में पहली बार मोकामा से चुनाव जीता। जेडीयू के कद्दावर नेता रहे अनंत सिंह को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का करीबी माना जाता था। लेकिन पटना के बाढ़ के चर्चित पुटुस यादव हत्याकांड के बाद आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव उनसे नाराज हो गए। जब लालू व नीतीश महागठबंधन के तहत एक साथ थे। राजनीतिक हालात ऐसे बने कि उन्हें जेडीयू छोड़ना पड़ा। इसके बाद बीते विधानसभा चुनाव में उन्होंने मोकामा से निर्दलीय जीत दर्ज की।
अब आरजेडी के साथ, तेजस्वी को बतया भविष्य का सीएम
बिहार में महागठबंधन की सरकार के टूटने बाद भी अनंत सिंह व नीतीश कुमार की दूरी कायम रही। वे आरजेडी से भी दूर रहे। तेजस्वी यादव ने उन्हें असामाजिक तत्व तक कह डाला। लेकिन अब हालात बदल गए हैं। अनंत अब तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए काम करने की बात कर रहे हैं। आरजेडी ने उन्हें मोकामा से टिकट भी दिया है।
आरजेडी पर अपराधियों व बाहुबलियों पर भरोसा का आरोप
बहरहाल, अनंत सिंह के आरेजडी से चुनाव लड़ने पर जेडीयू और बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे आरजेडी का चाल और चरित्र बताते हुए या उसपर अपराधियों और बाहुबलियों के भरोसे चुनाव लड़ने का आरोप लगाया है।