बिहार-झारखंड की पुलिस ने कसी कमर, बॉर्डर एरिया से नक्सलियों का होगा सफाया
बिहार-झारखंड के पांच जिलों में एक साथ शुरू होगा नक्सलियों के खिलाफ अभियान। इन पांचों जिलों के वरीय पुलिस अधिकारियों ने घंटों किया मंथन। नक्सलियों का सफाया ही पुलिस का लक्ष्य है।
जमुई, जेएनएन। बिहार-झारखंड की पुलिस एक साथ नक्सलियों के खिलाफ जोरदार अभियान चलाएगी। दोनों राज्यों के सीमावर्ती इलाकों में नक्सलियों के सफाया के लिए पांच जिलों में नक्सलियों के खिलाफ एक साथ अभियान शुरू किया जाएगा। इन पांचों जिलों के वरीय पुलिस अधिकारियों ने घंटों मंथन किया।
जमुई के चकाई प्रखंड मुख्यालय स्थित वार रूम में नक्सलियों पर लगाम लगाने को लेकर बिहार-झारखंड के पांच जिलों के पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में जमुई, नवादा, बांका, देवघर व गिरिडीह जिलों के पुलिस अधिकारियों ने करीब पांच घंटे तक इस मामले को लेकर विचार विमर्श किया। इस बैठक में क्षेत्र को नक्सलमुक्त बनाने को लेकर मंथन किया गया।
बैठक में इन पांचों जिलों में सक्रिय नक्सलियों की सूची तैयार करने और सूचना तंत्र को मजबूत करने पर चर्चा की गई। इस दौरान महिला नक्सलियों की सक्रियता पर भी चर्चा हुई। बाॅर्डर एरिया में संयुक्त अभियान चलाने की रणनीति बनाई गई।
इसके उपरांत जमुई एसपी जे. रेड्डी ने बताया कि नक्सलियों के सफाए को लेकर बाॅर्डर एरिया में अभियान चलाने को लेकर अंतरप्रांतीय बैठक की गई। इसमें नक्सलियों पर नकेल कसने को लेकर बाॅर्डर एरिया के पुलिस पदाधिकारियों ने विचार-विमर्श किया। जिले में नक्सली गतिविधि बढऩे के सवाल पर एसपी ने कहा कि ऐसी बात नहीं है। जिले में लगातार नक्सली पुलिस से मात खा रहे हैं। शीघ्र ही सक्रिय नक्सली पुलिस की गिरफ्त में होंगे।