गांधी जयंती पर बिहार ने फिर से बनाया रिकार्ड, पटना जिला भी रहा कोविड टीकाकरण में नंबर वन
Bihar Covid Vaccination News कोरोनावायरस से बचाव के लिए टीकाकरण के मामले में शनिवार को बिहार ने फिर राष्ट्रीय स्तर पर रिकार्ड कायम किया है। गांधी जयंती पर बिहार ने देश भर में सर्वाधिक 26 लाख 96 हजार से अधिक लोगों का टीकाकरण रात नौ बजे तक किया गया था।
पटना, जागरण टीम। कोरोनावायरस से बचाव के लिए टीकाकरण के मामले में शनिवार को बिहार ने फिर राष्ट्रीय स्तर पर रिकार्ड कायम किया है। गांधी जयंती पर बिहार ने देश भर में सर्वाधिक 26 लाख 96 हजार से अधिक लोगों का टीकाकरण रात नौ बजे तक किया गया था। स्वास्थ्य विभाग ने 30 लाख तक टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया था और इसे हासिल करने के लिए देर रात तक टीकाकरण का काम जारी रहा। ताजा आंकड़े जारी होने पर एक दिन में टीकाकरण कराने वालों की तादाद और बढ़ने की उम्मीद है। इसके पहले 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मतिथि पर बिहार ने रिकार्ड संख्या 33 लाख नौ हजार लोगों को टीका दिया था। इसके साथ ही बिहार में पांच करोड़ 70 लाख 66 हजार से अधिक वैक्सीन डोज दी जा चुकी है।
महाराष्ट्र और असम रहे बिहार से पीछे
देश भर में शनिवार को 71 लाख से अधिक लोगों को रात नौ बजे तक टीकाकरण की रिपोर्ट अपलोड किया गया। देश में महाराष्ट्र दूसरे स्थान पर रहा जहां पर सात लाख 54 हजार लोगों को टीका दिया गया। तीसरे स्थान पर असम में छह लाख 54 हजार को टीका दिया गया तो आंध्रप्रदेश में चार लाख 47 हजार को और तेलंगाना में दो लाख 97 हजार को टीका दिया गया। देर रात तक टीकाकरण के आंकड़े अपलोड होते रहे हैं जिससे इसकी संख्या में और इजाफा होने की संभावना है।
सर्वाधिक टीकाकरण करने वाले 10 जिले
- पटना - 184125
- भागलपुर- 126515
- पूॢणया - 125150
- समस्तीपुर - 123272
- दरभंगा - 117975
- गोपालगंज - 114433
- पूर्वी चंपारण - 104223
- मुजफ्फरपुर - 103444
- नालंदा - 101635
- सारण - 101535
देश का नंबर वन जिला बना पटना
इधर, गांधी जयंती पर शनिवार को पटना जिला में टीकाकरण का मेगा वैक्सीनेशन ड्राइव का आयोजन किया गया। बारिश के बावजूद भी सुबह से ही लोगों में टीकाकरण को लेकर भारी उत्साह दिखा। एक लाख 84 हजार 273 लोगों ने टीका लिया। पटना जिला में शनिवार को पूरे भारतवर्ष में सबसे अधिक लोगों ने टीका लिया। पटना जिला दो अक्टूबर को वैक्सीनेशन के मामले में पूरे देश का नंबर वन जिला बना है। पटना जिला ने अब तक 50 लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण किया गया है। पटना जिला 50 लाख से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन करने वाला राज्य का पहला तथा देश का नौवां जिला बना है। टीकाकरण अभियान के प्रारंभिक चरण से ही पटना जिला ने बिहार में पहला स्थान बनाये रखा है जो लगातार कायम है। देश में पहले 10 स्थान पर क्रमश: मुंबई, बेंगलुरु, पुणे, कोलकाता, थाणे, अहमदाबाद, चेन्नई, नॉर्थ 24 परगना, पटना शामिल हैं।
कोरोना के चार नए संक्रमितों में दो बिहार के व दो दूसरे राज्य के निवासी
राज्य में शनिवार को चार नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसमें दो संक्रमित बिहार के रहने वाले हैं और दो संक्रमित अन्य राज्यों के निवासी हैं। बिहार के जमुई जिले में एक और मधेपुरा जिले में एक संक्रमित पाया गया है। इधर, कोरोना संक्रमण को लेकर राज्य में कुल एक लाख 33 हजार 506 सैंपल की जांच की गई। अब कोरोना के 43 एक्टिव मरीज हैं, जबकि रिकवरी रेट 98.66 फीसद है।