Bihar Covid Vaccination: बिहार ने कोविड टीकाकरण में हासिल किया बड़ा मुकाम, देश में हासिल किया छठा स्थान
Bihar Coronavirus Vaccination News बिहार ने छह करोड़ कोरोना डोज का आंकड़ा पार किया इस आंकड़े को पूरा करने वाला देश का छठा राज्य बना बिहार नौ महीने में हासिल किया यह आंकड़ा अब दूसरी डोज पर फोकस कर रहा है राज्य
पटना, राज्य ब्यूरो। बिहार भी शनिवार यानि नौ अक्टूबर को कोरोना टीकाकरण अभियान में छह करोड़ डोज टीकाकरण वाला राज्य बन गया। राष्ट्रीय स्तर पर बिहार छह उन राज्यों में शामिल हो गया है जहां पर छह करोड़ से अधिक डोज दिया गया है। इसमें उत्तरप्रदेश में 11.49 करोड़, महाराष्ट्र में 8.71 करोड़, मध्यप्रदेश में 6.51 करोड़, गुजरात में 6.41 करोड़, पश्चिम बंगाल में 6.37 करोड़ और बिहार में 6.02 करोड़ डोज टीका देनेवाले राज्य बन गए हैं। राज्य में 16 जनवरी से टीकाकरण अभियान आरंभ किया गया था। राज्य में करीब नौ माह में छह करोड़ डोज वैक्सीन देने का लक्ष्य पूरा कर लिया है। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि जनता के सहयोग से राज्य में कोविड-19 टीकाकरण का आंकड़ा छह करोड़ के पार हो गया है।
उन्होंने बताया कि इस कार्य को पूरा कराने के लिए 15 हजार टीका केंद्र स्थापित किये गए हैं जबकि 50 हजार से अधिक स्वास्थ्य एवं टीका कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। बिहार में 16 जनवरी, 2021 से टीकाकरण अभियान शुरू हुआ था। पहले चरण के टीकाकरण में सिर्फ हेल्थ केयर वर्करों को टीका दिया गया। टीकाकरण का दूसरा चरण 20 फरवरी, 2021 से आरंभ किया गया जिसमें हेल्थ वर्करों के साथ फ्रंट लाइन वर्करों को टीका दिया जाने लगा।
राज्य में टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरुआत एक मार्च, 2021 से की गई जिसमें 60 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग के सभी लोगों को जबकि 45-59 आयु वर्ग के गंभीर किस्म के रोगियों का टीकाकरण शुरू किया गया। चौथे चरण के टीकाकरण अभियान की शुरुआत एक अप्रैल, 2021 को की गई जिसमें 45 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को टीकाकरण होने लगा। राज्य में टीकाकरण के पांचवें चरण की शुरुआत एक मई, 2021 से की गयी और इस चरण में 18 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को टीका दिया जाने लगा।