जन्मदिन पर पटना के इशान के शानदार आगाज से बिहार गदगद, पहले ही मैच में ठोका अर्धशतक
पटना के रहने वाले होनहार क्रिकेटर इशान किशन को श्रीलंका में चल रहे एकदिवसीय मैच में प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। खास बात यह है कि आज ही इशान का जन्मदिन भी है। टीवी पर उनकी शानदार पारी देखकर बिहार गदगद है।
अरुण सिंह, पटना। अपने जन्मदिन पर भारत के लिए वनडे क्रिकेट में पदार्पण कर शानदार 59 रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने वाले पटना के इशान किशन के पिता प्रणव पांडेय और उनका परिवार बेहद खुश है। बेटे को क्रिकेटर बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले प्रणव ने जागरण को बताया कि जिस तरह इंग्लैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में इशान ने शानदार आगाज किया था, उसी तरह वह श्रीलंका में जरूर सफल होगा। इस बार उसे विकेटकीपिंग का भी मौका मिला, जो उसके करियर को विस्तार देने के लिए बेहद जरूरी है। कोरोना काल में इशान ने विकेटकीपिंग के साथ अपने खेल पर काफी मेहनत की है। श्रीलंका जाने से पूर्व उसने अपने आदर्श महेंद्र सिंह धौनी से भी जरूरी टिप्स लिए हैं। अब उसका फल उसे मिल रहा है। श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में इशान को विकेटकीपिंग का मौका मिला, जो उसके करियर के लिए अहम पड़ाव साबित होगा।
स्तर ऊंचा करना होगा
पहले वनडे में इशान की विकेटकीपिंग से खुश प्रणव ने बताया कि असंतुलित मैदान होने के कारण कुछ मौके पर उससे गेंद छूटी, लेकिन गलतियों को सुधारकर उसे आगे बढ़ना होगा। यूएई में इस साल के अंत में होने वाले टी-20 विश्व कप में जगह बनाने के लिए उसे अपनी बल्लेबाजी के साथ विकेटकीपिंग के स्तर को ऊंचा करना होगा।
रात 12 बजे केक काटकर मनाया जन्मदिन
पिता प्रणव पांडेय, मां सुचित्रा सिंह, भाई राज किशन व परिवार के अन्य सदस्यों ने शनिवार को रात 12 बजे पटना के खाजपुरा स्थित अपने घर पर केक काटकर इशान का जन्मदिन मनाया। उन्होंने वीडियो काल कर इशान को शुभकामनाएं भी दीं। इशान को क्रिकेटर बनाने के लिए अपने क्रिकेट करियर का असमय त्याग करने वाले भाई राजकिशन ने बताया कि कुछ दिन पूर्व इशान से बात हुई थी। वह अभी टी-20 विश्व कप के बारे में नहीं सोच रहा है। उसका पहला लक्ष्य श्रीलंका में बेहतर प्रदर्शन करना है। इसके बाद यूएई में आइपीएल। सब कुछ सही रहा तो वह यूएई से ही विश्व कप विजेता बनकर लौटेगा।
इशान के बचपन के कोच और प्रशिक्षुओं ने मनाया जन्मदिन
राजेंद्रनगर स्थित वाइसीसी स्पोट्र्स एकेडमी के प्रशिक्षुओं ने इशान किशन का जन्म दिन धूमधान से मनया। प्रशिक्षुओं ने केक काटा और इशान के दीर्घायु होने की कामना की। इस दौरान एकेडमी के हेड कोच व इशान के बचपन के गुरु संतोष कुमार समेत कई क्रिकेटर मौजूद थे। संतोष कुमार ने इशान को जन्म दिन की बधाई देते हुए कहा कि आज उसने अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर का आगाज किया। इससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है। बिहारवासियों के लिए यह गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि इशान भारतीय टीम के लिए लंबी रेस का घोड़ा साबित होगा।