Bihar Election News 2020: भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बोले भूपेंद्र यादव, बूथ स्तर तक करें संगठन विस्तार
Bihar Election News 2020 भाजयुमो की बैठक में भाजपा के भूपेंद्र यादव ने बूथ स्तर तक विस्तार के लिए कहा। बैठक में आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल का प्रस्ताव पास किया गया।
पटना, राज्य ब्यूरो। भारतीय जनता युवा मोर्चा की नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी की पहली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक पार्टी प्रदेश मुख्यालय के अटल बिहार बाजपेयी सभागार में शुक्रवार को संपन्न हुई। बैठक को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए बिहार प्रभारी व राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव ने मोर्चा के संगठन का विस्तार बूथ स्तर तक करने का आह्वान किया।
कार्यसमिति में सर्वसम्मति से आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल का राजनैतिक प्रस्ताव पास किया गया। वर्चुअल कार्यसमिति बैठक में उपस्थित सभी प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला अध्यक्षों को संबोधित करते हुए भूपेंद्र यादव ने कहा कि युवा मोर्चा भविष्य का भारत है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत व सशक्त भारत बनाने का संकल्प दिलवाया। इस कोरोना महामारी में गरीब, वंचितों व जरूरतमंदों को सहायता व उनके बीच सेवा कार्य करने चलाने की अपील की। प्रदेश कार्यसमिति बैठक की अध्यक्षता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ने की। वहीं, कार्यसमिति को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, प्रदेश महामंत्री संजीव चौरसिया, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश वर्मा और पूर्व भाजयुमो अध्यक्ष निनित नवीन ने संबोधित किया।
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि कोरोना महामारी में जिस प्रकार युवा मोर्चा ने सड़क पर पानी, भोजन से लेकर अस्पतालों में मरीजों को खून देकर साबित कर दिया कि युवा मोर्चा राष्ट्र व समाज के लिए सच्चे सिपाही है।