बीडीओ की कसम-प्रखंड ODF होने तक सिर मुंडाकर रखूंगा ..PM मोदी ने भी कहा-भई वाह
जमुई जिले के चंदन कुमार सिंह झारखंड के गोड्डा जिला के महगामा प्रखंड में बीडीओ हैं। उन्होंने 30 जून तक प्रखंड को खुले में शौच मुक्त बनाने का अजीब संकल्प लिया है ।
जमुई [जेएनएन]। प्रखंड को खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) बनाने के लिए एक बीडीओ ने गजब की कसम खाई है। उन्होंने घोषणा की है कि जब तक उनका प्रखंड ओडीएफ नहीं हो जाता, तबतक वह सिर मुड़ाकर रहेंगे। बीडीओ के इस संकल्प को ट्विटर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी लाइक किया है।
जमुई जिले के सिकन्दरा प्रखंड अंतर्गत पिरहिंडा गांव निवासी चंदन कुमार सिंह झारखंड के गोड्डा जिला के महगामा प्रखंड में बीडीओ हैं। उन्होंने 30 जून तक प्रखंड को खुले में शौच मुक्त बनाने का संकल्प लिया है। इसके लिए मुंडन करवाया है और जब तक प्रखंड ओडीएफ नहीं हो जाता है तब तक सिर पर बाल नहीं जमने देने का संकल्प लिया है।
सुबह-शाम गांव में जाकर चलाते हैं कुदाल
वह सुबह-शाम गांव में जाकर लोगों को प्रेरित करते हैं। जगह-जगह कुदाल थामकर खुद ही गड्ढ़ा खोदने में जुट जाते हैं। इसका सकारात्मक प्रभाव भी पडऩे लगा है। कई लोग आंगन से चूल्हा को घरों में शिफ्ट कर रहे हैं और चूल्हे के स्थान पर शौचालय निर्माण करा रहे हैं।
बीडीओ चंदन कुमार सिंह कहते हैं कि खुले में शौच मुक्त अभियान राष्ट्रीय मिशन है। इसे पूर्ण करने के लिए लोगों को जागरूक और प्रेरित कर ही सफलता हासिल की जा सकती है। मुंडन करवाकर हमने प्रखंड वासियों को प्रेरित करने के लिए छोटा सा प्रयास किया है। इस प्रयास के बहाने प्रखंड ओडीएफ हो जाता है तो यह बड़ी सफलता होगी।