पुलिस हिरासत में मौत के बाद बवाल, कई राउंड फायरिंग
बिहार के कैमूर जिले में पुलिस हिरासत में मौत के बाद ग्रामीणों ने जमकर बवाल काटा। वे गिरफ्तार करने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित कर उन पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग कर रहे थे।
कैमूर [जेएनएन]। बिहार के कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के पडऱी गांव से शराब के साथ गत शनिवार को गिरफ्तार पूरन चेरो की मंगलवार की रात वाराणसी के अस्पताल में मौत हो गई। इस सूचना से भड़के ग्रामीणों ने भगवानपुर थाना चौक जाम कर बुधवार दोपहर से देरशाम तक जमकर बवाल काटा।
वे गिरफ्तार करने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित कर उन पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग कर रहे थे। कई समझाने पर जब ग्रामीणों ने शाम तक जाम नहीं खत्म किया तो पुलिस ने लाठियां चटका और हवाई फायरिंग कर सभी को खदेड़ दिया।
जानकारी के अनुसार गत शनिवार स्थानीय थाना क्षेत्र के पडऱी गांव में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पूरन चेरो को शराब के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के भय से पूरन चेरो को रास्ते में ही ब्रेन हेमरेज हो गया। आनन-फानन में पहले उसे सदर अस्पताल भभुआ और स्थिति बिगड़ते देख वाराणसी ले जाया गया। मंगलवार की रात पूरन चेरो की मौत सर सुंदरलाल चिकित्सालय में हो गई।
20 चक्र गोलियां चला, दौड़ा कर पीटा
जाम कर रहे ग्रामीणों के उपद्रव को देखकर पहले पुलिस शांत रही। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। अंतत: पुलिस ने लाठीचार्ज किया गया। ग्रामीणों पर बल प्रयोग का कोई असर नहीं हुआ वे थाने की ओर बढऩे लगे। स्थिति बिगड़ते पुलिस ने लगभग 20 चक्र गोलियां चलाईं और खदेड़ कर लोगों को पीटना शुरू कर दिया। इसमें जाम करने वालों के साथ कई निर्दोष लोगों को भी चोटें आईं।