Bihar Lok Sabha Election Results: बक्सर से एक बार फिर मोदी के ध्वज वाहक बने अश्विनी चौबे
बक्सर लोकसभा चुनाव में एक बार केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने बीजेपी का झंडा बुलंद किया है। चौबे ने लालू प्रसाद यादव के करीबी व महागठबंधन उम्मीदवार जगदानंद सिंह को हरा दिया है।
बक्सर, जेएनएन। केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ध्वज वाहक बने हैं। जनता ने दो राजनीतिक योद्धाओं के बीच रोचक मुकाबले में बक्सर लोकसभा से बीजेपी के अश्विनी को जीत का सहरा पहनाया है। चौबे ने लालू प्रसाद यादव के करीबी व महागठबंधन के जगदानंद सिंह को हरा दिया। चुनाव के दौरान लड़ाई बहुजन समाज पार्टी के सुशील कुमार सिंह और जनतांत्रिक विकास पार्टी के अनिल कुमार के बीच भी रही।
पिछली बार एक लाख 32 हजार वोट से जीते थे चौबे
पिछले वार 2014 के आम चुनाव में मोदी लहर पर सवार होकर भाजपा प्रत्याशी अश्विनी कुमार चौबे ने शानदार जीत दर्ज की थी। तब उन्होंने राजद प्रत्याशी जगदानंद सिंह को 132338 वोटों के अंतर से हराया था। चौबे को 319012 मत हासिल हुए थे, जबकि सिंह को 186674 वोट मिले थे। खास बात यह रही कि बसपा से चुनाव लड़ रहे ददन यादव को भी 184788 मत मिले थे और जगदानंद सिंह से वे केवल दो हजार मत पीछे रह गए। वहीं, जदयू से चुनाव लड़ रहे श्यामलाल कुशवाहा को 117012 मत हासिल हुए थे।
सबसे दिलचस्प रहा था 2009 का चुनाव
वर्ष 2009 का चुनाव बक्सर संसदीय क्षेत्र का अबतक का सबसे रोमांचक चुनाव रहा। इसमें जीत-हार 2238 वोटों के अंतर से हुई। इस चुनाव में सात छोटे दलों के और निर्दलीय प्रत्याशियों को तीन हजार या उससे ज्यादा मत हासिल हुए थे। चुनाव में राजद के जगदानंद सिंह को 132614 वोट मिले, जबकि भाजपा के लानलमुनी चौबे को 130376 वोट हासिल हुए। बहुजन से चुनाव लड़ रहे श्यामलाल कुशवाहा को 127145 एवं निर्दलीय मैदान में रहे ददन यादव को 122975 वोट मिले। चारों सूरमाओं के बीच मतों का अंतर दस हजार से भी कम रहा और उन्हेें जीत हासिल करने के लगभग बराबर-बराबर मौके थे।
अन्य उम्मीदवारों ने भी की थी मशक्कत
बक्सर लोकसभा चुनाव में अनाम दल जेपीएस से चुनाव लड़ रहे श्याम बिहार बिंद को 15486 वोट और एसबीएसपी के मोकर्रम हुसैन को 10203 वोट मिले। इनके अलावे निर्दलीय चुनाव लड़ रहीं प्रतिभा सिंह को 7201 और मोहन साह को 7072 वोट हासिल हुए। जाहिर है, इन वोटों का बिखराव नहीं होता तब उस चुनाव में नतीजे कुछ और हो सकते थे।
2014 में पहले चार स्थानों पर रहे उम्मीदवार
1. अश्विनी कुमार चौबे- भाजपा- 319012
2. जगदानंद सिंह- राजद- 186674
3. ददन यादव - बसपा- 184788
4. श्यामलाल सिहं कुशवाहा- जदयू- 117012
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप