नाबालिग का यौन शोषण करने का आरोपित गिरफ्तार
नाबालिग छात्रा का यौन शोषण करने के आरोपित रसायन निगम का कर्मचारी सत्येंद्र कुमार
पटना । नाबालिग छात्रा का यौन शोषण करने के आरोपित रसायन निगम का कर्मचारी सत्येंद्र कुमार सिंह सोमवार को कोतवाली थाना पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने उसे मौर्यालोक परिसर स्थित कार्यालय से दोपहर के वक्त गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष राम शंकर सिंह ने बताया कि पीड़ित किशोरी का कोर्ट में बयान दर्ज कराया जाएगा। उसकी मेडिकल जांच की प्रक्रिया चल रही है।
जानकारी के अनुसार सत्येंद्र कुमार सिंह पटना जंक्शन के पास रहता था। उसके ही कार्यालय के एक कर्मचारी की 15 वर्षीय बेटी अक्सर घर पर घरेलू काम के लिए आया करती थी। करीब सप्ताहभर से वह चाकू के बल पर किशोरी के साथ दुष्कर्म करता रहा। तबीयत बिगड़ने पर किशोरी ने मां को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मां-बेटी ने थाने पहुंचकर सत्येंद्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए सत्येंद्र को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि प्रारंभिक मेडिकल जांच रिपोर्ट में किशोरी के साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि हुई है।