बेगूसराय में सेना के जवान को मारी गोली, स्वजनों ने कहा- 20 लाख की मांगी गई थी रंगदारी
बिहार के बेगूसराय में अपराधियों ने सेना के जवान को गोली मार दी है। स्वजनों का कहना है कि 20 लाख की रंगादीर नहीं देने पर इस घटना को अंजाम दिया गया है। घायल सेना के जवान के फिलहाल इलाज चल रहा है।
बेगूसराय, जागरण संवाददाता। बिहार के बेगूसराय में बेखौफ बदमाशों ने सेना के एक जवान को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बदमाशों ने गोली मारने के बाद सेना के जवान को मरा समझ कर फेंक दिया, लेकिन उसने हिम्मत करके मोबाइल के माध्यम से परिजनों को सूचना दे दिया। जिसके बाद एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के समीप की है। घायल जवान की पहचान रघुनाथपुर निवासी दिनेश यादव के पुत्र राम रतन कुमार के रूप में की गई है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि रामरतन बीती रात काली मेला देख कर अपने घर लौट रहा था। तभी रघुनाथपुर के पास अपराधियों ने सेना के जवान को घेरकर गोली मार दिया। गोली मारने के बाद चारों बदमाश वहां से फरार हो गए। गोली लगने के बावजूद जवान ने अपने मोबाइल के माध्यम से परिजन को इसकी सूचना दिया। इसके बाद आनन-फानन में परिजन मौके पर पहुंच कर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। राम रतन कुमार अंबाला में पोस्टेड है तथा पर्व मनाने के लिए चार नवंबर को छुट्टी लेकर अपने घर आया था। परिजनों ने बताया कि रिश्ते में लगने वाला भगना ने इस घटना को अंजाम दिया है।
'20 लाख की मांगी गई थी रंगदारी'
परिजनों का कहना कि भगना लगातार सेना के जवान से 20 लाख की रंगदारी की मांग की जा रही था। इसके पहले जवान की बाइक छीन ली गई थी, जिसका अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। इसी बीच बीती रात रामरतन काली पूजा का मेला देखकर अपने घर लौट रहा था। तभी रोशन कुमार और सौरभ कुमार अपने अन्य सहयोगी के साथ मिलकर रघुनाथपुर के पास घेर लिया और हथियार के बल पर रंगदारी की मांग की। इसका विरोध करने पर गोली मार दी और मरा समझ कर चारों अपराधी मौके से फरार हो गए।
लेकिन जवान ने हिम्मत का परिचय देते हुए अपने मोबाइल के माध्यम से परिजन को फोन दिया, परिजन मौके पर पहुंचकर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां स्थिति चिंताजनक बनी हुई। साहेबपुर कमाल थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि रात में मेला देखकर घर लौटने के दौरान आर्मी जवान को गोली मारकर घायल होने की सूचना मिली है। अपराधी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।