भोजपुर में युवक को प्राइवेट पार्ट के पास मारी गोली, मोबाइल के लिए हो गई इतनी बड़ी वारदात
भोजपुर के एक युवक के साथ रविवार को बड़ी घटना हो गई। रविवार को कुछ बदमाशों ने उसके प्राइवेट पार्ट पर ही गोली मार दी। बताया जा रहा कि भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के पैगा हाई स्कूल के समीप रविवार की देर शाम यह घटना हुई।
आरा, जागरण संवाददाता। भोजपुर के एक युवक के साथ रविवार को बड़ी घटना हो गई। रविवार को कुछ बदमाशों ने उसके प्राइवेट पार्ट पर ही गोली मार दी। बताया जा रहा कि भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के पैगा हाई स्कूल के समीप रविवार की देर शाम लूटपाट के दौरान हथियारबंद अपराधियों ने एक बाइक सवार युवक को गोली मार दी। हमलावर चार की संख्या में थे। घायल 32 वर्षीय महेश यादव बड़हरा थाना क्षेत्र के शालिग्राम सिंह के टोला निवासी जगनारायण यादव का पुत्र है।
जख्मी युवक को गोली प्राइवेट पार्ट के पास मारी गई है, जो दाएं साइड कमर के नीचे से आरपार हो गई है। इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही बड़हरा थाना इंचार्ज जयन्त प्रकाश अपने दलबल के साथ आरा सदर अस्पताल पहुंचे और जख्मी मिलकर घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सारंगपुर से घर लौटने के दौरान वारदात
इधर, जख्मी युवक महेश यादव ने बताया कि वह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव में चारा खरीदने के लिए बात करने गया था। जब वह बाइक से वापस घर लौट रहा था कि उसी बीच पैगा हाई स्कूल के समीप चार की संख्या में हथियारबंद अपराधियों ने उसकी बाइक को रोका और उसे भकुरा गांव का पता पूछा। इसके बाद उन्होंने उससे मोबाइल छीनने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो उन लोगों ने पहले एक फायरिंग जमीन पर की।
सदर अस्पताल में हो रहा है इलाज
इसके बाद उन्होंने उसे गोली मार दी और मोबाइल छीनकर फरार हो गए। गोली लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी होकर जमीन पर गिर पड़ा। जिसके बाद उसे स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।