AK- 47 मामले में बाहुबली विधायक अनंत सिंह की कोर्ट में हुई पेशी, कड़ी थी सुरक्षा व्यवस्था
एके 47 के बरामदगी मामले में बाहुबली विधायक अनंत सिंह की शुक्रवार को बाढ़ कोर्ट में पेशी हुई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विधायक अनंत सिंह को बेउर जेल से बाढ़ कोर्ट लाया गया।
पटना, जेएनएन। बाढ़ के लदमा गांव स्थित घर से एके 47 के बरामदगी मामले में बाहुबली विधायक अनंत सिंह की शुक्रवार को बाढ़ कोर्ट में पेशी हुई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विधायक अनंत सिंह को बेउर जेल से कोर्ट लाया गया। इसे लेकर कोर्ट परिसर में पहले से ही सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। कोर्ट में पेश होने के बाद उन्हें फिर बेउर ले जाया गया। इस मामले में अगली सुनवाई अब 21 सितंबर को होगी।
बता दें कि माेकामा के निर्दलीय विधायक अनंत सिंह के लदमा स्थित पैतृक घर में पिछले माह एएसपी लिपि सिंह के नेतृत्व में छापेमारी हुई थी। इसमें उस घर से पुलिस ने एके 47, हैंड ग्रेनेड समेत कई कारतूस बरामद किया था। इसके बाद अनंत सिंह ने दिल्ली के साकेत कोर्ट में सरेंडर किया। उन्होंने आराेप लगाया कि बिहार पुलिस पर उन्हें भरोसा नहीं है। साकेत कोर्ट के आदेश पर बाढ़ कोर्ट में उनकी पेशी हुई। कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अनंत सिंह तब से बेउर जेल में बंद हैं।
शुक्रवार को एक बार फिर कोर्ट में उनकी पेशी हुई। अब इस मामले में अगली सुनवाई 21 सितंबर को होगी। गौरतलब है कि पिछले दिनों अनंत सिंह को दो दिनों की पुलिस रिमांड पर भी लिया गया था और पटना के महिला थाने पर उनसे 48 घंटे की निर्धारित अवधि में पूछताछ की गई। हालांकि पूछताछ कोई खास बात निकल कर सामने नहीं आई।
उधर अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी बिहार के राज्यपाल फागू चौहान से गुहार मिलने के लिए समय मांगा है। इस बाबत उन्हाेंने गुरुवार को राज्यपाल फागू चौहान को अावेदन दिया है। हालांकि उन्हें अभी राजभवन की ओर से समय नहीं दिया गया है। लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि राजभवन जल्द ही उन्हें मिलने का समय देगा।