बक्सर में एक और वारदात, नहर किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, गोली मारकर की गई है हत्या
बक्सर जिले के नवानगर थाना क्षेत्र के परमडीह पुल के पास बड़ी नहर किनारे से एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया है। उसके सीने के पास गोली मारे जाने का निशान है।अन्यत्र हत्या कर शव को वहां फेंके जाने की आशंका है।
By Vyas ChandraEdited By: Published: Mon, 29 Mar 2021 02:00 PM (IST)Updated: Mon, 29 Mar 2021 02:00 PM (IST)
जागरण संवाददाता, बक्सर। होली के मौके पर बक्सर में लगातार दूसरी हत्या की वारदात सामने आने के बाद जिले में सनसनी फैल गई है। रविवार की रात एक के बाद दूसरा शव बरामद किया गया। इससे पुलिसिया चौकसी भी सवालों के घेरे में आ गई है। नावानगर थाना क्षेत्र के परमडीह पुल के पास बड़ी नहर के किनारे से एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया है। प्रथम दृष्टया गोली मारकर हत्या के बाद शव को नहर किनारे फेंके जाने की आशंका है। शव देखने से एक-दो दिन पुराना लग रहा है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई है।
सीने में गोली मारकर हत्या की आशंका
सोमवार सुबह शौच आदि के लिए निकले ग्रामीणों की नजर बड़ी नहर के किनारे युवक के शव पर पड़ी।यह देखकर लोग सन्न रह गए। पुलिस को इसकी सूचना दी। मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची नावानगर थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।जानकारी देते हुए नावानगर थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि बड़ी नहर के समीप एक युवक की लाश फेंके जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने पहुंचकर जांच की।
दूसरी जगह हत्या कर ठिकाना लगाया गया है यहां
मृतक के शरीर पर आसमानी रंग की जींंस पैंट तथा पीले रंग की शर्ट पाई गई। युवक के सीने के पास गोली मारे जाने के निशान दिखाई दे रहे हैं। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि हत्या किसी दूसरी जगह करने के बाद शव को यहां लाकर फेंक दिया गया है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, साथ ही आसपास के थानों में युवक तस्वीर भेज कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक कहां का रहने वाला है? उधर, इस घटना के बाद आस पास के इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है। लोगोंं का कहना है कि एक के बाद दूसरी घटना से हम सहमे हुए हैं।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें