संप हाउस की बाउंड्री पर छलांग लगा दूसरी तरफ से निकल गई महिला, डूबने की अफवाह पर घंटों हंगामा Patna News
पटना में शुक्रवार को एक महिला के नाले में कूदने की अफवाह पर जमकर हंगामा हुआ। बाद में पता चला कि वो पति से नाराज होकर अपनी बहन के घर चली गई थी।
पटना, जेएनएन। 'सर, एक महिला संप हाउस में कूद गई है। ठीक उसी जगह पर कूदी है, जहां पिछले साल 10 वर्षीय बालक दीपक गिरा था। जल्दी आइए।' शुक्रवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे तक इस तरह का संवाद जिले के तमाम अधिकारियों के मोबाइल पर पहुंचा। एसके पुरी और शास्त्री नगर थानों की पुलिस के साथ सचिवालय डीएसपी राजेश कुमार प्रभाकर भी मौके पर पहुंचे। महिला को कैसे निकाला जाए, इसकी कवायद शुरू हो गई।
पुलिस की टीम एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम को रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए बुलाने वाली ही थी कि जिस महिला के कूदने की बात कही जा रही थी, वो सामने आ गई। एसके पुरी थाने की पुलिस उसे साथ लेकर चली गई।
पति से चल रही थी अनबन
जानकारी के अनुसार, पुनाइचक की रहने वाली काजल (20) ने तीन माह पहले मीठापुर निवासी निशांत से प्रेम विवाह किया था। निशांत ऑटो चालक है। काजल डेढ़ माह की गर्भवती है। दंपती के बीच अनबन हुई, जिसके बाद निशांत उसे मायके पहुंचा कर चला गया। यहां आने पर काजल की मां उसे रखने के लिए तैयार नहीं हुई। भाई और भाभी ने उसके साथ मारपीट की। इसकी वजह से वह रोते हुए मायके से भाग निकली और संप हाउस की बाउंड्री पर छलांग लगाकर दूसरी तरफ से निकल गई। वह बसावन पार्क स्थित बहन सोनी के घर चली गई थी।
और लग गई लोगों की भीड़
इधर, जहानाबाद निवासी विक्की नामक युवक ने उसे बाउंड्री से कूदते हुए देखा तो वह बचाने के लिए दौड़ पड़ा। हालांकि, उसने काजल को निकलते हुए नहीं देखा, इसलिए उसे लगा कि वह नाले के अंदर चली गई है। उसने मदद करने के ध्येय से यह बात राहगीरों को बताई, जिसके बाद सड़क पर लोगों की भीड़ लग गई। अधिकारियों के फोन घनघाने लगे। ऊहापोह के बीच एक व्यक्ति की नजर बहन के घर के बाहर सो रही काजल पर पड़ी। थानाध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने बताया कि महिला को उसके घरवाले साथ लेकर चले गए। किसी प्रकार का मामला दर्ज नहीं कराया गया।