फूलन देवी को आया गुस्सा तो पति का किया ये हाल, बेटे सनी देओल ने बताई ये बात
मामूली विवाद में पत्नी फूलन देवी को गुस्सा आ गया। उसने पति जितेंद्र की गला दबाकर हत्या कर दी। उसपर अपनी बेटी चांदनी की हत्या का भी आरोप है। उसका बेटा सनी देओल अलग रहता है।
भोजपुर [जेएनएन]। मामूली विवाद में पत्नी को इतना गुस्सा आया कि पति की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना भोजपुर जिले के अजीमाबाद थाना अंतर्गत चिल्हर गांव में बीती रात हुई। विदित हो कि उसपर करीब डेढ़ महीने पहले अपनी जवान बेटी की भी गला दबाकर हत्या कर देने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार पटना के मसौढ़ी स्थित तेलपा गांव निवासी रामनाथ प्रसाद का पुत्र जितेंद्र अपनी पत्नी फूलन देवी के साथ अपनी ससुराल में रहता था। शुक्रवार की सुबह जब फूलन देवी पति के शव को दाह संस्कार के लिए ले जाने लगी तो लोगों को शक हुआ। उन्होंने शव ले जाने से रोक दिया और स्थानीय थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद अजीमाबाद थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर मारपीट होती थी। आरोपित ने पांच महीने पहले भी अपने के पति की आंखों में जहर डालकर हत्या करने की कोशिश की थी। उसपर डेढ़ माह पहले अपनी जवान बेटी चांदनी की भी गला दबाकर हत्या का आरोप है।
फूलन देवी का एक बेटा सनी देओल है। उनसे बताश कि वह मां-बाप के कलह से तंग आकर मसौढ़ी के तेलपा गांव में रहता है। घटना के 10 दिन पहले ही फूलन देवी अपने मायके आई थी।
अजीमाबाद थाना अध्यक्ष राजू कुमार ने बताया की पति की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पति के शव का अंत्य परीक्षण कराया जा चुका है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।