पटना में कार्तिक पूर्णिमा को लेकर सजग हुआ प्रशासन, मगर नहीं रुक रही नाव की ओवरलोडिंग
पटना में गंगा में नाव की ओवरलोडिंग नहीं रुक रही है। जिला प्रशासन नाविकों की मनमानी पर सख्त हो गया है। अनुमंडल पदाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने नाविकों को निर्देश दिया है कि ओवलोड नाव का परिचालन नहीं कराएं।
पटना, जेएनएन। गंगा में नाव की ओवर लोडिंग नहीं रुक रही है। जिला प्रशासन नाविकों की मनमानी पर सख्त हो गया है। अनुमंडल पदाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने नाविकों को निर्देश दिया है कि ओवलोड नाव का परिचालन नहीं कराएं। अन्यथा नाव को जब्त कर लिया जाएगा। कार्तिक पूर्णिमा को लेकर नाव ओवरलोड चलती है। धारा 144 लागू रहने के बाद भी नाविक नहीं मानते हैं। ऐसी स्थिति में दुर्घटना की संभवनाएं बनी रहती है। अनुमंडल पदाधिकारी ने नाविकों को सख्त चेतावनी दिया है कि पटना अनुमंडल क्षेत्र में बिना निबंधन के चल रही नाव को नहीं चलने दिया जाएगा। अनुमंडल पदाधिकारी ने नाविकों के साथ बैठक कर उनकी समस्या भी सुनीं।
परिवहन विभाग के एमवीआई को नाव की जांच करना है
अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष नाविकों ने अपनी बातों को रखते हुए कहा कि परिवहन विभाग के एमवीआई को नाव को जांच करना है। उसके बाद नाव को लाइसेंस मिलेगा। जांच नहीं हो पा रही है। जांच लंबित है। पटना जिला, सारण जिला और वैशाली जिला में आवेदन दिया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि एमवीआई से बात करेंगे। लेकिन बिना निबंधन के चल रही नाव के परिचालन को बंद कराया जाएगा।
पटना जिले में अब तक करीब 50 नाव का निबंधन
पटना जिले में अब तक करीब 50 नाव का निबंधन हुआ है। अनुमंडल पदाधिकारी ने नाविकों को सुरक्षा मानकों को ख्याल रखने का निर्देश दिया है। बताते चलें कि पटना में नाव हादसे की खबर आती रही है। इस घटनाओं में बड़ी संख्या में लोग अपनी जान गंवाते रहे हैं। इसके बाद भी नाव पर ओवर लोडिंग कम नहीं हुई है। पटना का प्रशासन भी समय समय पर सक्रिय होता रहा है, पर इससे भी कोई खास फर्क नहीं पड़ रहा है। मौका देखकर नाविक नियम का उल्लंघन करने लगे हैं। इसी को लेकर परिवहन विभाग के एमवीआई को नाव को जांच करने का कार्य दिया गया है।