RJD MLA के घर पर गोलीबारी मामले में दो गिरफ्तार, विधायक ने उठाए ये सवाल
बिहार में एक राजद एमएलए की हत्या की मंशा से उनके घर पर फायरिंग करने वालों को पुलिस ने गिरफ्तार करने का दावा किया है। दूसरी ओर विधायक ने पुलिस पर सवाल खड़े किए हैं।
बेगूसराय [जेएनएन]। बिहार के बेगूसराय में राजद विधायक उपेंद्र पासवान के घर पर फायरिंग करने वाले दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शुक्रवार की शाम विधायक के अावास व उसके निकट हुई फायरिंग में एक शिक्षक सहित दो लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने घटना के कारण का जो खुलासा किया है, उसपर विधायक ने सवाल खड़े किए हैं। विधायक के अनुसार पुलिस सीएम नीतीश की सरकार के दबाव में मामले को हल्का कर रही है।
पुलिस ने किया मामला सुलझाने का दावा
पुलिस से मिली जानकरी कि अनुसार गिरफ्तार अपराधी सूरज एवं राजू हैं, जो गढ़पुरा बस स्टैंड में ठेकेदार थे। बीते कुछ दिनों पहले स्थानीय व्यवसायियों ने उनके खिलाफ मारपीट की शिकायत विधायक से की थी। घटना के बाद विधायक ने दोनों को काम से हटवा दिया था। इससे वे विधायक से खफा थे। पुलिस के अनुसार इसी कारण दोनों ने विधायक के घर पर दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की। पुलिस ने उनके पास से दो देसी पिस्टल, चार कारतूस व एक खोखा भी बरामद किया।
विधायक ने किया प्रतिवाद
दूसरी ओर विधायक उपेंद्र पासवान ने कहा कि यह 'दहशत फैलान' की नहीं 'हत्या' की साजिश थी। दहशत फैलाने के लिए कोई निशाना साधकर गोली नहीं चलाता। कहा कि उनपर निशाना लगाकर गोली चलाई गई, जो पास बैठे एक शिक्षक को जा लगी। विधायक के अनुसार पुलिस घटना के दिन उनके आवास के निकट की दूसरी घटना में पकड़े गए अपराधियों को ही इस घटना से जोड़कर अपनी पीठ थपथपा रही है। अपराधी भी पुलिस के दबाव में बयान दे रहे हैं।
यह है घटना
विदित हो कि विधायक के बदले गोली कुम्हारसो मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक नवल किशोर मुखिया के पेट में लगी थी। अपराधियों ने इस घटना से कुछ देर पूर्व विधायक के घर से कुछ दूर एक खगडि़या के रहने वाले एक युवक को भी गोली मार दी थी।