आइ लव यू नहीं बोलने पर पटना के युवक ने कर दिया ऐसा काम, पास खड़ी नर्तकी के उड़ गए होश
मसौढ़ी थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में गुरुवार भोर में डांस के दौरान 21 वर्षीय युवक ने खुद को गोली मार ली। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक सुमित कुमार थाना के लहसूना गांव के अनुज सिंह का पुत्र था।
मसौढ़ी, संवाद सहयोगी। नर्तकी ने आइ लव यू नहीं बोला तो युवक ने खुद को गोली मार ली। घटना पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव की है। गुरुवार की अलसुबह की घटना बताई जाती है। युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक सुमित कुमार (21) थाना के लहसूना गांव के अनुज सिंह का पुत्र था। हालांकि, अभी पुलिस कुछ भी बताने से परहेज कर रही है। इधर घटना से सनसनी फैल गई है। सुमित की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
डांस प्रोग्राम के दौरान पी थी शराब
ग्रामीणो से मिली जानकारी के मुताबिक सुमित ने अपने कुछ दोस्तों के साथ मिलकर अपने गांव से करीब दो किलोमीटर दूर सिकंदरपुर गांव निवासी कृष्णा सिंह के खाली मकान में बुधवार की रात डांस का आयोजन कराया था। वहां पार्टी चली। उनके साथ का ही एक युवक डांसर को लेकर आया। रात से सुबह तक सभी झूमते रहे।बताया जाता है कि सुमित व उसके दोस्तों ने इस दौरान शराब पी रखी थी। भोर में में डांस खत्म होने पर नर्तकी अपने कमरे में चली गई।
नर्तकी ने ग्रामीणों को सुनाई पूरी कहानी
सूत्रों का कहना है कि डांस समाप्त होने के बाद सुमित नर्तकी के पास पहुंच गया। उसने नर्तकी को उसे आइ लव यू बोलने को कहा। जब लड़की ने ऐसा नहीं किया तो उसने खुद को गोली मार ली। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सुबह-सुबह गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े पहुंचे। देखा कि सुमित वहां मृत पड़ा है। ग्रामीणों के मुताबिक डांसर ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। डांसर को जो युवक लेकर आया था, वह उसे उसके आवास पर छोड़ आया। सूचना पुलिस को दी गई। बताया जाता है कि जांच के लिए फोरेंसिक टीम पटना से आनेवाली है। फिलहाल घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा हो रही है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।