Move to Jagran APP

मार्निंग वाक कर रही महिला को बदमाशों ने मारी गोली, कुुछ दिन पहले ही उड़ीसा से आई थी भोजपुर

भोजपुर जिले चरपोखरी थाना क्षेत्र के बजेन गांव से दक्षिण नहर के समीप गुरुवार की अलसुबह हथियार बंद बदमाशों ने टहलने निकली एक महिला को गोली मार दी। घायल महिला 45 वर्षीय महिला चंद्रावती देवी चरपोखरी थाना के बजेन गांव निवासी कृष्णा प्रसाद उर्फ वकील प्रसाद की पत्‍नी हैं।

By Vyas ChandraEdited By: Published: Thu, 25 Nov 2021 08:44 AM (IST)Updated: Thu, 25 Nov 2021 08:44 AM (IST)
मार्निंग वाक कर रही महिला को बदमाशों ने मारी गोली, कुुछ दिन पहले ही उड़ीसा से आई थी भोजपुर
गोली लगने से घायल रेलकर्मी की पत्‍नी। जागरण

आरा, जागरण संवाददाता। भोजपुर जिले चरपोखरी थाना क्षेत्र के बजेन गांव से दक्षिण नहर के समीप  गुरुवार की अलसुबह हथियार बंद बदमाशों ने टहलने निकली एक महिला को गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। घायल महिला 45 वर्षीय महिला चंद्रावती देवी चरपोखरी थाना के बजेन गांव निवासी कृष्णा प्रसाद उर्फ वकील  प्रसाद की पत्‍नी हैं। पति उड़ीसा के राउलकेला में रेलवे में कार्यरत हैं। महिला के कमर के हिस्‍से में गोली लगी है। डाक्टर ने सदर अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन कर रही है। 

loksabha election banner

सुबह पहर भतीजी के साथ टहलने निकली थी महिला 

चंद्रावती देवी गुरुवार की सुबह अपनी भतीजी शोभा कुमारी के साथ टहलने निकली थी। सुबह करीब छह बजे बजेन- डेगोडीहरी नहर के समीप हथियार बंद बदमाशों ने उन्‍हें गोली मार दी और फरार हो गए। गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा लाया गया। सूचना मिलने पर चरपोखरी पुलिस भी वहां पहुंच गई।

15नवंबर को उड़ीसा से गांव आई थी महिला

इधर, जख्मी महिला के साथ रही उसकी भतीजी शोभा कुमारी ने बताया कि वे सब 15 नवंबर को अपने गांव बजेन आई थी। वह दोनों हर रोज की तरह सुबह पहर टहलने निकलती थी। इस बीच जब दोनों गांव के ही स्थित नहर के समीप पहुंची तो चाची कुछ आगे थी और वह उनके पीछे थी। तभी अचानक फायरिंग की आवाज सुनाई दी। जब उसने देखा तो उसकी चाची जमीन पर गिरी पड़ी थी। एक युवक दौड़ कर भाग रहा था। जब उसने करीब जाकर अपनी चाची को देखा तो वो खून से लथपथ थी। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी हालत को चिंताजनक देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया । हालांकि महिला को किसने और किस कारण गोली मारी है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।  पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।

10 दिनों पहले नव निर्वाचित मुखिया की हुई थी हत्या

विदित हो कि इसके पहले 15 नवंबर को बजेन गांव के ही नवनिर्वाचित मुखिया संजय सिंह को अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी। अभी घटना के 10 दिन भी नहीं गुजरे थे कि  यह दूसरी घटना हो गई। हालांकि, पुलिस के अनुसार उस घटना से इस घटना का कोई लेना-देना नहीं है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.