सिवान में राजमिस्त्री के घर भीषण डकैती, अपराधियों से निहत्थे भिड़ गया गृहस्वामी तो मार दी गोली
रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के चंदौली गांव में शुक्रवार की देर रात मनन चौहान के घर में करीब आठ हथियारबंद अपराधियों ने भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया। डकैती कर भागने के दौरान गृहस्वामी ने जब एक डकैत को दबोच लिया तो उनके पांव में गोली मार दी गई।
रघुनाथपुर (सिवान), संवाद सूत्र। रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के चंदौली गांव में शुक्रवार की देर रात मनन चौहान के घर में करीब आठ हथियारबंद अपराधियों ने भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया। डकैती कर भागने के दौरान गृहस्वामी ने जब एक डकैत को दबोच लिया तो उनके पांव में गोली मार दी गई। सिर पर भी धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पिता पर हमला होते देख बीच बचाव करने आई उनकी पुत्री रिंकी को भी डकैतो ने मारपीट कर घायल कर दिया।इस दौरान अपराधियों ने 60 हजार नकद सहित करीब तीन लाख के जेवर व अन्य सामान की डकैती कर ली। डकैतों के जाने के बाद शोर मचाने पर जुटे लोगों ने घायलों को रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
आठ हथियारबंद अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
बताया जाता है कि आठ हथियारबंद डकैत मनन चौहान के घर में घुसे। मनन चौहान के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी और इसके बाद डाका डालने लगे। डकैती के बाद जब अपराधी भाग रहे थे। इसी दौरान स्वजन ने मनन चौहान के कमरे की कुंडी खोल दी। कमरा खुलते ही मनन चौहान ने खदेड़कर एक डकैत को पकड़ लिया। यह देख डकैत के दूसरे साथी ने उनके पांव में गोली मार दी। सिर पर भी हमला कर दिया। इससे वे गिर गए। यह देख जब 17 वर्षीय पुत्री रिंकी कुमारी पिता को बचाने गई तो उसके सिर पर रॉड से हमला कर दिया। इससे वह बेहोश होकर गिर पड़ी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तब घटना का पता चला। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
दिन में लेकर आए थे 60 हजार रुपये
पीड़ित परिवार ने बताया कि शुक्रवार को पतार बैंक से एलआइसी के 50 हजार रुपये निकाल कर लाए थे। उनका दिव्यांग बेटा मंटू बैंक से 10 हजार रुपये शुक्रवार को ही लाया था। मनन ने बताया को बेटी की शादी की तैयारी कर रहे थे। खरमास के बाद का दिन रखना था। घटनास्थल पर डकैतों का चादर व चप्पल छूट गया है। सूचना पर पहुंंची पुलिस ने ने छानबीन शुरू की। घटना के बाद आंदर इंस्पेक्टर रणधीर कुमार, एमएच नगर थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, आंदर थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृव में डाग स्क्वाड के सहारे शनिवार सुबह जांच-पड़ताल की जा रही है। वहींं घायल को सिवान रघुनाथपुर रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सिवान रेफर कर दिया गया।