किलकारी पटना के बच्चे ने बनाई अनोखी डिवाइस, पानी और बिजली दोनों की बर्बादी रोकने में मददगार है यह डिवाइस
अब जरूरत के अनुसार डिवाइस से लीजिए पानी स्वत बंद होगा मोटर किलकारी के बाल विज्ञानी राजा कुमार केशरी ने तैयार की अत्याधुनिक डिवाइस स्टेट अवार्डी के रूप में चयन जरूरत और तय समय के अनुसार मोटर से पानी देगी डिवाइस इच्छानुसार तय समय पर ऑन-ऑफ होगा मोटर
पटना [पिंटू कुमार]। किलकारी के बाल विज्ञानी अपने उत्कृष्ट कार्यों की बदौलत हमेशा चर्चा में रहते हैं। इसी कारण इनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिल रही और बाल विज्ञानी राज्य व देश का नाम रोशन कर रहे हैं। इस बार बाल विज्ञानी राजा कुमार केशरी ने 'डेवलपिंग एन ऑटोमेटिक ग्राउंड वाटर मॉनीटरिंग एंड ट्रेकिंग डिवाइस' तैयार की है, जो आपकी जरूरत और तय समय के अनुसार मोटर से पानी देगी। यही नहीं आपकी इच्छानुसार तय समय पर मोटर ऑन-ऑफ होगा। इससे टंकी से बर्बाद होने वाले पानी को भी बचाया जा सकेगा। इस डिवाइस के डॉक्यूमेंट को विज्ञान विधा की छात्रा आदिति कुमारी ने तैयार किया है। राजा कुमार के पिता राजू कुमार केशरी मोबाइल रिचार्ज की दुकान चलाते हैं। मां कंचन देवी गृहिणी हैं। राजा आगे चलकर विज्ञानी बनना चाहते हैं।
इस तरह से काम करती है डिवाइस
बाल विज्ञानी राजा कुमार केशरी ने बताया, छह महीने की मेहनत के बाद डिवाइस तैयार की गई है। डिवाइस माइक्रो कंट्रोलर के आधार पर काम करती है। पूरी डिवाइस में कई सेंसर लगे हैं। सेंसर दूसरे कंपोनेंट को कमांड देता है और कमांड मिलते ही कंपोनेंट काम शुरू कर देता है।
कमांड मिलते ही ऑन-ऑफ होगा मोटर
डिवाइस में रिले नाम का एक कंपोनेंट लगा है, जो मोटर को ऑन-ऑफ करने का काम करता है। डिवाइस में लगा टाइम मॉड्युलर रिले को कमांड भेजता है और रिले मोटर को ऑन व ऑफ करता है। डिवाइस में लगा माइक्रो कंट्रोलर कंपोनेंट फ्लोरेट सेंसर, टाइम मॉड्युलर, अल्ट्रासोनिक सेंसर व रिले से जुड़ा रहता है और सभी सेंसर को निर्देश देता रहता है। डिवाइस में मॉड्युलर नाम के लगे कंपोनेंट में मोटर के ऑन होने का समय सेट करके प्रतिदिन तय समय पर मोटर को ऑन-ऑफ किया जा सकेगा।
फ्लोरेट सेंसर बताएगा टंकी में कितना भरा पानी
टंकी के आउटपुट पाइप में लगा फ्लोरेट सेंसर बताएगा कि टंकी में कितना पानी भर गया है? डिवाइस में कोई बैटरी नहीं लगी है। इसका वजन सिर्फ 250 ग्राम ही है। इसे आसानी से कहीं भी ले जाया जा सकेगा। इसे 800 रुपये के न्यूनतम खर्च पर तैयार किया गया है। डिवाइस बनाने का सारा खर्च किलकारी ने उठाया है। 28वीं राज्यस्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2020 प्रतियोगिता में इस प्रोजेक्ट को स्टेट अवार्डी के रूप में टॉप 50 प्रोजेक्ट में चयनित किया गया है।
किलकारी बिहार बाल भवन की निदेशक ज्योति परिहार ने बताया कि डिवाइस से कोई व्यक्ति अपनी जरूरत के अनुसार पानी को टंकी में भर सकता है। आगामी दिनों में पानी की समस्या होने जा रही, इसलिए ऐसी डिवाइस की भविष्य में जरूरत पड़ेगी। अच्छा प्रोजेक्ट तैयार करने के लिए राजा कुमार केशरी को किलकारी ने सम्मानित भी किया है।
किलकारी, पटना की विज्ञान प्रशिक्षक मंजू कुमारी ने बताया कि इस डिवाइस को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में ले जाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए इस डिवाइस को और भी इंप्रूव किया जाएगा।