हाजीपुर में पहले से खड़ी बस में दूसरी ने मारी जोरदार टक्कर, दारोगा समेत कई यात्री जख्मी
हाजीपुर में रविवार की दोपहर पहले से खड़ी एक बस में दूसरी ने जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में टक्कर मारने वाली बस में सवार कई यात्री जख्मी हो गए। हालांकि किसी को गंभीर चोटें नहीं आई हैं।
हाजीपुर, जागरण संवाददाता। हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच 22 पर भगवानपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव के समीप बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हालांकि दो बसों की टक्कर हो गई। इसमें कई यात्री घायल हो गए। उन्हें तुरंत ही भगवानपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहांं सभी का इलाज किया जा रहा है। कोई गंभीर रूप से जख्मी नहीं हुआ है। घायलों में झारखंड निवासी एक पुलिस अधिकारी भी शामिल हैंं।
पूर्व से खड़ी बस में मारी टक्कर
बताया जाता है कि रतनपुर गांव के पास एक बस खड़ी थी। इतने में पीछे से आई दूसरी बस ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में टक्कर मारने वाली बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद चीखपुकार मच गई। आसपास के गांव के लोग दौड़े़। घायलों को बाहर निकाला। इसकी सूचना भगवानपुर थाने को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल लोगों ने तुरंत ही निकटवर्ती भगवानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां उनका इलाज चल रहा है। किसी भी घायल को गंभीर चोटें नहीं आई यह देखकर ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली। घायलों में एक दरभंगा जिले के केवटी थाने के दारोगा भी शामिल हैं। वे दरभंगा से अपने घर गढ़वा (झारखंड) जा रहे थे। वहीं रामपति कुमार के पुत्र विनय कुमार राय भी घायल बताए गए हैं। घटना के बाद बस वहीं खड़ी कर चालक फरार हो गया। आगे की बस भी तुरंत की आगे निकल गई। पुलिस ने टक्कर मारने वाली बस को जब्त कर लिया है।
वाहन चालकोंं की मनमानी से होते हैं हादसे
स्थानीय लोगों का कहना था कि वाहन चालकों की मनमानी की वजह से ऐसे हादसे होते रहते हैं। आए दिन हादसे होने के बावजदू वे वाहन बेहद लापरवाही से चलाते हैं। हादसे के बाद वे गाड़ी छोड़कर फरार हो जाते हैं। भुगतना पड़ता है राहगीर को। ऐसे वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई जरूरी है।