गैस गोदाम का ताला काट 68 गैस सिलेंडर चोरी
बाईपास थाना क्षेत्र के धवलपुरा स्थित सुनिस्का इंडियन गैस गोदाम की बुधवार की रात चहारदीवारी तोड़ चोरों ने 68 सिलेंडर गायब कर दिए।
पटना सिटी। बाईपास थाना क्षेत्र के धवलपुरा स्थित सुनिस्का इंडियन गैस गोदाम की बुधवार की रात चहारदीवारी तोड़ चोरों ने 68 घरेलू गैस सिलेंडर चोरी कर लिया। गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की घटना रिकार्ड हो गयी है। फुटेज के आधार पर पुलिस चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र में छापेमारी कर रही है। इस एजेंसी में पहले भी सिलेंडर चोरी एवं लूट की घटनाएं हो चुकी हैं।
गैस एजेंसी संचालक सुनील कुमार ने बताया कि गुरुवार की सुबह वह प्रतिष्ठान पहुंचे। जब वे पीछे गए तो गोदाम की चहारदीवारी टूटी थी। छानबीन के दौरान एजेंसी संचालक ने पाया कि गोदाम की चहारदीवारी तोड़कर घुसे चोरों ने गोदाम का तीन ताला काट कर 68 घरेलू गैस सिलेंडर चोरी कर लिया। चोरी हुए सिलेंडरों में 45 भरा व 23 खाली है। इसकी कीमत लगभग एक लाख 57 हजार 304 रुपये है। सीसीटीवी फूटेज देख संचालक ने बताया कि बुधवार की रात 1:40 बजे चार चोर गोदाम के अंदर घुसे और 2:56 बजे निकले। फिर गोदाम के अंदर गए हैं। पुलिस को आशंका है कि 68 सिलेंडर चोरी कर उसे किसी वाहन से चोर ले गए। संचालक की माने तो गोदाम का सुरक्षाकर्मी होली की छुट्टी में घर गया है। वह अभी तक नहीं लौटा है।
संचालक ने बताया कि 24 जनवरी 2019 को भी गैस एजेंसी में चोरी हुई थी। उसी वर्ष सात अप्रैल को दिनदहाड़े एजेंसी में घुसकर अपराधियों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट कर लगभग तीन लाख रुपये लूट लिए थे। पुलिस पूर्व में हुई घटना से सिलेंडर चोरी के मामले को जोड़ कर भी छानबीन कर रही है।