बारिश होते ही बदहाल हुआ रोह प्रखंड कार्यालय तक पहुंचने वाला मार्ग
नवादा। प्रखंड के गांव-गांव में विकास की जिम्मेदारी उठाने वाले प्रखंड कार्यालय परिसर पहुंचने के पहले ही लोगों को मुसीबत उठानी पड़ रही है। रोह-रूपौ मुख्य पथ से प्रखंड कार्यालय पहुंचने में लोगों को मुसीबत का सामना करना पड़ता है।
नवादा। प्रखंड के गांव-गांव में विकास की जिम्मेदारी उठाने वाले प्रखंड कार्यालय परिसर पहुंचने के पहले ही लोगों को मुसीबत उठानी पड़ रही है। रोह-रूपौ मुख्य पथ से प्रखंड कार्यालय पहुंचने में लोगों को मुसीबत का सामना करना पड़ता है। प्रखंड कार्यालय भवन निर्माण के समय कार्यालय के आगे मिट्टी भराई कर छोड़ दिया गया है। जिसके कारण इन दिनों वर्षा के बाद हर तरफ कीचड़ फैला हुआ है। लोग कीचड़ से होकर प्रखंड कार्यालय परिसर में आते जाते हैं। परिसर में कीचड़ फैलने से पदाधिकारियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। लेकिन इसके बाद भी इस समस्या के निदान की दिशा में पहल नहीं की जा रही है। बता दें कि रोजाना सैकड़ों वाहन प्रखंड कार्यालय और थाना अपने निजी कार्यों से आते जाते हैं। रास्ते में चार पहिया वाहन तो किसी तरह प्रवेश कर जाते हैं परंतु दोपहिया वाहन एवं पैदल आने जाने वाले आम लोगों को कीचड़युक्त मिट्टी से रूह कांप जाते हैं। परंतु इस समस्या को लेकर विभाग के संबंधित अधिकारी तथा प्रखंड के अधिकारियों को जूं तक नहीं रेंग रहा है। प्रतिदिन स्थानीय पदाधिकारी एवं कभी कभार वरीय पदाधिकारी को भी इस समस्या से रूबरू होना पड़ रहा है। बावजूद समस्या देखकर लापरवाह बने हुए हैं। इसी रास्ते से होकर लोग प्रखंड व अंचल स्तरीय कार्यालयों तक पहुंचते हैं
इस नवनिर्मित भवन प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रखंड, अंचल से लेकर प्रखंड स्तरीय कार्यालय हैं। 14 पंचायत वाले इस प्रखंड के जनप्रतिनिधियों से लेकर आम लोग प्रतिदिन विभिन्न कार्यों को लेकर प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थित कार्यालय आते हैं। लेकिन इन दिनों प्रखंड कार्यालय आने वाले लोगों से लेकर जनप्रतिनिधियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। प्रखंड परिसर में स्थित सभी कार्यालयों में आने जाने के लिए कच्ची सड़क बनी है। परंतु वर्षा के बाद प्रखंड कार्यालय जाने वाले रास्ते तथा कार्यालय के आगे कीचड़ जमाव कारण लोगों को काफी कठिनाइयां झेलनी पड़ रही है। लोग जैसे-तैसे कीचड़ मे लिप्त होकर कार्यालयों में पहुंच रहे हैं। यही हाल थाने के अधिकारियों तथा पुलिसकर्मियों का भी है। प्रखंड कार्यालय के बगल में रोह थाना स्थित है।