तालाब खुदाई के दौरान दो गांवों के बीच चली गोलियां
तालाब खुदाई को लेकर दो गांवों के बीच शुक्रवार की सुबह जमकर गोलीबारी हुई। थाना क्षेत्र के गोत्रायण व उतरी बु'ची के ग्रामीणों के बीच गोलीबारी हुई।
नवादा। तालाब खुदाई को लेकर दो गांवों के बीच शुक्रवार की सुबह जमकर गोलीबारी हुई। थाना क्षेत्र के गोत्रायण व उतरी बुच्ची के ग्रामीणों के बीच गोलीबारी हुई। करीब 25 से 30 राउण्ड गोलियां चली। लेकिन किसी को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। वैसे थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने गोली चलने की घटना से इंकार करते हुए कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है। वहीं ग्रामीण तालाब खुदाई के पीछे बर्चस्व कायम करने को ले गोलीबारी होने की बात कह रहे हैं। घटना के बाद दोनों गांवों के बीच तनाव कायम हो गया है। गोत्रायण के ग्रामीणों का कहना है कि उक्त तालाब बिहार सरकार की भूमि पर बना हुआ है। इधर उतरी बुच्ची के ग्रामीण उक्त तालाब को रैयती भूमि बता रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तालाब खुदाई में प्रयुक्त दो जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया अभी तक किसी भी पक्ष से प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन नहीं आया है। इस मामले में सीओ अजय कुमार ने कहा मामले की छानबीन की जा रही है। शनिवार को भूमि की स्थिति की जानकारी ली जाएगी। मिली जानकारी के अनुसार ननौरा पंचायत की गोत्रायण गांव के उतर तालाब की सफाई का कार्य गुरूवार से जेसीबी से कराया जा रहा था। उक्त तालाब में मछली पालन का कार्य होता था। गोत्रायण गांव के कुछ लोग मत्स्य पालन के लिए तालाब की खुदाई व सफाई का कार्य जेसीबी से शुरू कराया था। एक सप्ताह तक खुदाई व सफाई का कार्य हुआ। इस बीच शुक्रवार की सुबह काम शुरू होते ही दोनो गांवों के बीच विवाद शुरू हो गया और देखते -देखते दोनों पक्षों की ओर से गोली बारी शुरू हो गई। ऐसे में वहां भगदड मच गया। लोग इधर उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस जबानो के साथ पहंचे और चल रहे काम को रोक दिया। जेसीबी मशीन को जब्त कर थाना लाया गया। अब अंचल अधिकारी की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगा कि कौन सही है।