पानी के लिए टोलावासियों ने नवादा- जमुई स्टेट हाईवे को किया जाम
पकरीबरावां प्रखंड के डुमरावां अनुसूचित जाति टोला के लोग पेयजल संकट से निजात के लिए गुरुवार को सड़क पर उतर आए। पेयजल आपूर्ति नहीं होने से नाराज ये लोग सुबह होते ही नवादा- जमुई स्टेट हाईवे को डुमरावां मुसहरी के पास जाम कर दिया।
संवाद सूत्र, पकरीबरावां: पकरीबरावां प्रखंड के डुमरावां अनुसूचित जाति टोला के लोग पेयजल संकट से निजात के लिए गुरुवार को सड़क पर उतर आए। पेयजल आपूर्ति नहीं होने से नाराज ये लोग सुबह होते ही नवादा- जमुई स्टेट हाईवे को डुमरावां मुसहरी के पास जाम कर दिया। दर्जनों की संख्या में महिलाओं के साथ लोग सड़कों पर बर्तन लेकर पहुंच गए थे। इस बीच नवादा-जमुई स्टेट हाईवे पर आवागमन ठप हो गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क जाम में फंसे यात्री परेशान दिखे। स्थानीय टोला के लोग नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने से नाराज थे। ग्रामीण चंपा देवी, पिकी देवी, सोनी देवी, सुशीला देवी, रामचंद्र मांझी आदि ने बताया कि बीते कुछ दिनों से नियमित पेयजल की आपूर्ति नहीं हो रही है। धूप नहीं रहने के कारण सोलर चालित जलापूर्ति केंद्र से पेयजल की आपूर्ति बंद है। नतीजा ग्रामीणों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में भी इस समस्या से विभाग को अवगत कराया गया था, परंतु उनकी बातों को सुना नहीं गया। लोग पेयजल के लिए इधर से उधर भटकते रहे। विवश होकर सड़क पर उतरना पड़ा।
------
बीडीओ, सीओ व थानाध्यक्ष ने लोगों को समझाया-बुझाया, मिला समस्या समाधान का भरोसा
जाम की सूचना पर पकरीबरावां के अंचलाधिकारी नरेंद्र कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी नीरज कुमार, थानाध्यक्ष शिशुपाल समेत कई प्रशानिक पदाधिकारी जाम स्थल पर पहुंचे। इस बीच पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। जल्द ही समस्या के समाधान के आश्वासन के बाद जाम हटा। तत्पश्चात, नवादा- जमुई स्टेट हाईवे पर आवागमन बहाल हुआ। पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता कुमार प्रदीप एवं कनीय अभियंता संजय कुमार भी वहां पहुंच जल्द ही इस समस्या के समाधान की बात कही। कार्यपालक अभियंता ने बताया कि बिजली से मोटर चलाने की व्यवस्था की जा रही है। लोगों के घरों तक जल्द ही नल से जल मिल सकेगा।