आरोपितों को छोड़ने का आरोप लगा ग्रामीणों ने काटा बवाल
थाना क्षेत्र के सांगोवर निवासी ग्रामीण चिकित्सक विजय कुमार हत्याकांड में आरोपितों को पकड़ कर छोड़ने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने शनिवार की सुबह सड़क को जाम कर दिया। वनगंगा के समीप राजगीर-बोधगया पथ पर टायर जलाकर जाम किया गया। इस दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
थाना क्षेत्र के सांगोवर निवासी ग्रामीण चिकित्सक विजय कुमार हत्याकांड में आरोपितों को पकड़ कर छोड़ने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने शनिवार की सुबह सड़क को जाम कर दिया। वनगंगा के समीप राजगीर-बोधगया पथ पर टायर जलाकर जाम किया गया। इस दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसकी सूचना मिलने पर कई अधिकारी पुलिस बल के साथ वहां पहुंच गए और सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान अचानक पथराव शुरू हो गया। जिसमें सदर एसडीएम अनु कुमार, सीओ कुमार विमल प्रकाश, एसआइ रामकृपाल यादव, एक दैनिक अखबार के संवाददाता मनोज कुमार आदि चोटिल हो गए। जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर लोगों को खदेड़ दिया। लाठी चार्ज में कई महिलाएं व पुरुष भी चोटिल हुए। पुलिस के बल प्रयोग के बाद भीड़ तितर-बितर हुई। पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ली है।
मृतक ग्रामीण चिकित्सक के शव के साथ सड़क को जाम कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि हत्याकांड में नारदीगंज थाने की पुलिस ने अनिता देवी सहित भोला यादव के माता-पिता, पुत्र व पुत्री को हिरासत में ली थी। ग्रामीणों ने ही आरोपितों को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया था। लेकिन नारदीगंज थानाध्यक्ष दीपक कुमार राव ने सिर्फ आरोपित अनिता देवी को हिरासत में रखा तथा शेष को मुक्त कर दिया। जबकि अन्य लोग भी आरोपित थे। लोगों ने सड़क को जाम करते हुए थानाध्यक्ष को निलंबित करने की मांग की। सड़क जाम करने वालों में कई महिलाएं भी शामिल थीं। इसकी सूचना मिलने पर सदर एसडीएम अनु कुमार, सदर एसडीपीओ विजय कुमार झा, बीडीओ राजीव रंजन, सीओ कुमार विमल प्रकाश, हिसुआ थानाध्यक्ष राजकुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष दरबारी चौधरी, नारदीगंज थाने के एसआइ रामकृपाल यादव, एएसआइ फारूक अंसारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और गा्रमीणों को समझाने बुझाने में जुट गए। तभी भीड़ की तरफ से पथराव शुरू हो गया। जिसमें कई अधिकारी चोटिल हो गए। तब पुलिस ने लाठीचार्ज करना शुरू कर दिया। लोगों को खदेड़-खदेड़ कर पीटा गया। इस दौरान आधा दर्जन लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। बल प्रयोग के बाद भीड़ तितर-बितर हुई। जिसके बाद परिजन शव को लेते गए और अंतिम संस्कार किया। इधर, तकरीबन चार घंटे तक सड़क जाम रहने के कारण यात्रियों की काफी फजीहत हुई।
---------------------
हत्याकांड में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
नवादा : मुफस्सिल थाने में ग्रामीण चिकित्सक विजय कुमार की हत्या मामले की दर्ज कर ली गई है। मृतक के नाना गया जिले के अरई गांव निवासी गजाधर यादव ने मृतक के चाचा नारदीगंज थाना क्षेत्र के सांगोवर गांव निवासी भोला यादव सहित उनकी पत्नी अनीता देवी, अजय कुमार, विकास कुमार, महुली गांव निवासी नीतीश कुमार, नालंदा जिला के सिलाव थाना क्षेत्र के गुरदयाल बिगहा निवासी मनोज कुमार व उनकी पत्नी गायत्री देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना में आरोपित भोला यादव मृतक विजय की मां प्रतिमा देवी की हत्या मामले में पिछले कई महीनों से जेल में बंद है। उसपर जेल से ही हत्या का षड़यंत्र रचने का आरोप है। थानाध्यक्ष दरबारी चौधरी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। मामले में अनिता देवी को गिरफ्तार किया गया है।
--------------
क्या है मामला
- शुक्रवार को दिन में करीब 11 बजे ग्रामीण चिकित्सक विजय कुमार की मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव स्थित क्लीनिक में हत्या कर दी गई थी। पल्सर बाइक पर सवार होकर पहुंचे तीन बदमाशों ने क्लीनिक में घुसकर गोली मारी थी। सीने में दो और सिर में एक गोली लगने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई थी। भागने के क्रम में अपराधियों ने हवाई फायरिग भी की थी। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने नवादा नगर के प्रजातंत्र चौक को जाम कर दिया था। जमीन विवाद व पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया। दो साल पहले उनकी मां प्रतिमा देवी की भी गोली मारकर हत्या की गई थी।
-------------------