फुलवरिया जलाशय के जलस्तर में हुई वृद्धि, खतरे की आशंका
पिछले चार दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से फुलवरिया जलाशय में तेजी से जलस्तर बढ
पिछले चार दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से फुलवरिया जलाशय में तेजी से जलस्तर बढ़ रहा है। जो चिता का विषय बनता जा रहा है। शनिवार की रात से रविवार की सुबह तक डैम में लगभग 14 फीट पानी का बढ़ोतरी हुआ है। जिससे जंगली क्षेत्र के निचले हिस्से में बसे गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। डैम में बढ़ते जलस्तर के बाद लोगों को अनहोनी की चिता सताने लगी है। इस बीच रविवार को डीएम कौशल कुमार ने फुलवरिया जलाशय का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान समीक्षा की गई कि केनाल दो से पानी खोला जाए या नहीं। फिलहाल निर्णय लिया गया है कि दो से तीन फीट और पानी बढ़ने पर केनाल से पानी निकाला जाएगा।
इधर, सिचाई विभाग के अधिकारियों की मानें तो अगर फुलवरिया डैम में 12 फीट और पानी बढ़ता है तो काफी परेशानी हो सकती है। पानी बढ़ने के बाद जंगली क्षेत्र के निचले हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात हो सकते हैं। बहरहाल, अभी बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। लगातार बारिश जारी है। पहाड़ी नदियां पूरे उफान पर है। उन नदियों का पानी लगातार फुलवरिया जलाशय में पहुंच रहा है। जिससे खतरा बढ़ता जा रहा है। डीएम ने कार्यपालक अभियंता, सिचाई रजौली को फुलवरिया जलाशय के जलस्तर पर नजर बनाए रखने का निर्देश दिया है। साथ ही किसी परिस्थिति में किसी भी अभियंता को मुख्यालय नहीं छोड़ने का आदेश दिया गया है। डीएम ने डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय बालक उच्च विद्यालय, रजौली का भी जायजा लिया।