बीपीएससी व यूपीएससी की प्राथमिक परीक्षा पास करने पर अनुदान : नीतीश
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि अनुसूचित जाति-जनजाति पिछड़ा अतिपछड़ा वर्ग के लोगों क।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा, अतिपछड़ा वर्ग के लोगों का कलेक्टर-एसपी बनने का सपना पूरा होगा। एक नया स्कीम लाया गया है। बीपीएससी की प्राथमिक परीक्षा पास करने पर 50 हजार रुपये और यूपीएससी की परीक्षा पास करने पर एक लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीपीएससी-यूपीएससी की प्राथमिक परीक्षा पास करने के बाद आखिरी परीक्षा की तैयारी के लिए पैसे नहीं होते थे। लेकिन अब इस नई स्कीम से डीएम-एसपी बनने का सपना साकार हो सकेगा। मुख्यमंत्री नीतीश और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान शुक्रवार को एनडीए प्रत्याशी चंदन सिंह के समर्थन में रजौली के इंटर विद्यालय में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे थे।
सीएम ने कहा कि देश व राज्य के विकास के लिए एनडीए को वोट दें। बिहार में किए गए विकास कार्यों की मजदूरी मांगने हम आप की अदालत में आए हैं। हम गलत शब्दों का प्रयोग नहीं करते हैं बल्कि किए गए विकास कार्यों की चर्चा करते हैं। हमारा लक्ष्य सभी का आदर, सभी का सम्मान, समाज के हर तबके के लोगों की सेवा करना है। लोगों के साथ प्रेम, भाईचारे व सम्मान करना हमारा लक्ष्य है। उन लोगों के आशीर्वाद व समर्थन से ही वे 13 वर्षों से बिहार में काम कर रहे हैं। समाज के हर इलाके व तबके का विकास हुआ है। आज बिहार के हर एक घर में बिजली है, जिसके कारण लालटेन वाला भूत भाग गया है। बिहार के सुदूरवर्ती क्षेत्र से राजधानी पटना तक 6 घंटे में पहुंचने का लक्ष्य राज्य सरकार ने प्राप्त कर लिया है। अब किसी भी क्षेत्र से लोग 6 घंटे में राजधानी पटना पहुंच सकते हैं। नई-नई सड़कों का निर्माण किया गया है। नए-नए पुल बन रहे हैं। महिला सशक्तीकरण को लेकर कार्य किए गए हैं। पंचायत व नगर निकायों में 50 फीसद आरक्षण दिया गया है। पौशाक योजना शुरू होने के बाद स्कूलों में छात्राओं की संख्या बढ़ गई। जो लड़कियां पहले आठवीं तक भी नहीं पढ़ पाती थी, वह अब उच्च शिक्षा के लिए भी विद्यालय जाने लगी है। महिलाओं को स्वयं सहायता समूह बनाकर आत्मनिर्भर बनाया गया है। जीविका के क्षेत्र में काम किए गए हैं। एक लाख परिवार जीविका से जुड़ा है। सरकार की हर सेवा में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। सात निश्चय योजना के तहत हर घर में नल का जल पहुंचाया जा रहा है। हर घर तक पक्की गली व नाली का निर्माण कराया जा रहा है। 2020 तक सारा काम पूरा करवा देंगे। इसी वर्ष बापू जयंती तक हर घर में शौचालय पहुंच जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाया
- लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने कहा कि बिहार व दिल्ली में एनडीए की सरकार है। दोनों के सहयोग से बिहार का विकास हो रहा है। पटना में मेट्रो रेल के निर्माण कार्य के लिए शिलान्यास हो गया है। कोई भी ऐसा घर नहीं होगा जिसका पक्का मकान नहीं होगा। हर घर में शौचालय की व्यवस्था होगी। घर-घर में गैस का चूल्हा गरीबों को दिया गया है। एक साल में 5 लाख रुपये गरीबों के खाते में इलाज कराने के लिए दिया जा रहा है। आने वाले समय में 50 करोड़ लोगों को इसकी सुविधा मिलेगी। बिहार के विकास के लिए सीएम नीतीश कुमार को धन्यवाद देते हैं। पहले पाकिस्तान और चीन हमें आंख दिखाता था, पीएम द्वारा कड़े निर्णय लिए जाने से आज उसकी सिट्टी-पिट्टी गुम है। कार्यक्रम का अध्यक्षता जदयू प्रखंड अध्यक्ष सुनीता यादव और मंच संचालन दीपक कुमार मुन्ना ने किया। मौके पर एनडीए प्रत्याशी चंदन कुमार, जदयू जिलाध्यक्ष सह एमएलसी सलमान रागीब, पूर्व विधायक कन्हैया कुमार, लोजपा जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष संजय कुमार, पिकी भारती, लोजपा प्रखंड अध्यक्ष सुरेश सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह, इकबाल हैदर खां मेजर आदि उपस्थित थे।