पराली जलाने से मिट्टी को होता है नुकसान
कौआकोल में लगातार किया जा रहा किसान चौपाल का आयोजन संसू कौआकोल प्रखंड के देवनगढ़
कौआकोल में लगातार किया जा रहा किसान चौपाल का आयोजन
संसू, कौआकोल : प्रखंड के देवनगढ़ पंचायत के भोरमबाग गांव में सोमवार को किसान चौपाल का आयोजन किया गया। किसान चौपाल में 100 से अधिक किसानों में हिस्सा लिया। चौपाल के माध्यम से किसानों को संबोधित करते हुए प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजेश झा ने कहा कि किसानों को अपने खेतों में पराली नहीं जलाना चाहिए। यह मिट्टी को काफी नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने जैविक खेती,फसल अवशेष प्रबंधन,समेकित खेती,यांत्रिकरण योजना,जीरो टिलेज,मृदा स्वास्थ्य कार्ड,बीजोपचार आदि के संदर्भ में विस्तार से किसानों को जानकारी दी और ज्यादा से ज्यादा किसानों से जैविक खेती करने का आग्रह किया। प्रखण्ड तकनीकी प्रबंधक सुनील कुमार एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक करमचंद किस्कू ने किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में किसानों को जानकारी दी तथा किसानों के आय दुगनी करने को लेकर खेती करने के वैज्ञानिक तरीके पर भी विस्तार से जानकारी दी। बता दें कि कृषि विभाग के निर्देश पर विभाग के कर्मियों द्वारा 7 दिसम्बर से लगातार विभिन्न चयनित गांवों में जा जाकर किसान चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। मौके पर समन्वयक राजेश कुमार भी मौजूद थे।
------------------
इनसेट
पैक्सों में धान बिक्री कर किसान पा सकते हैं लाभ
जागरण संवाददाता,नवादा: सदर प्रखंड कृषि कार्यालय की ओर से गोनावां पंचायत के लोहानीबिगहा गांव में सोमवार को किसान चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कृषि पदाधिकारी सुनील कुमार ने की। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से कृषि विभाग के माध्यम से किसानों के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही है। किसानों को अनुदानित दर पर खाद, बीज, कीटनाशक समेत कृषि यंत्र भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सरकारी योजनाओं से जुड़कर हरेक किसान लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने विभाग की ओर से चलाए जा रहे योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी समीर कुमार ने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए हरेक पंचायत में सहकारी समिति का गठन किया गया है। पैक्स अध्यक्ष के माध्यम से सरकारी दर पर धान की खरीदारी किया जा रहा है। सरकार की ओर निर्धारित दर 1868 रूपये प्रति क्विंटल है। जबकि बाजार दर 1100 रूपये प्रति क्विंटल है। दुकानदार किसानों को बरगलाकर औने-पौने दाम पर धान की खरीदारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पैक्स में धान की बिक्री करने के बाद किसानों को 72 घंटे में राशि उनके बैंक खाता में उपलब्ध करा दिया जाएगा। उनकी राशि में किसी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी। उन्होंने पैक्स में धान की बिक्री कर किसानों को लाभ उठाने की अपील की। मौके पर किसान सलाहकार शहनवाज राशीद, एटीएम विपिन कुमार, वार्ड सदस्य भोला प्रसाद, सिद्धेश्वर राम समेत दर्जनों किसान उपस्थित थे।