कार्यकर्ता सम्मेलन में चुनावी मुद्दों पर मंथन
संसू अकबरपुर प्रखंड के नेमदारगंज दुर्गा मंडप स्थित सब्जी मंडी परिसर में गुरुवार को नेमद
संसू, अकबरपुर : प्रखंड के नेमदारगंज दुर्गा मंडप स्थित सब्जी मंडी परिसर में गुरुवार को नेमदारगंज भाजपा मंडल के दस पंचायतों का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में दल से जुड़े कार्यकर्ता शामिल हुए। नेमदारगंज भाजपा मंडल के अध्यक्ष तपेश्वर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में हसुआ विधानसभा चुनाव की तैयारी पर मंथन किया गया तथा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की उपलब्धियों की चर्चा की गई। इसे जन जन तक पहुंचाने का सुझाव कार्यकर्ताओं को दिया गया। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क के अलावा अन्य विकास कार्यों की चर्चा जन जन तक पहुंचाने का कार्य करें। बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाकर अभी से चुनाव की तैयारी में जुट जाने पर जोर दिया गया, ताकि आने वाले चुनाव में जीत सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए विधायक अनिल सिंह ने कहा कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र का चौतरफा विकास हुआ है। बिजली से लेकर स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि के अलावा पुल- पुलिया निर्माण का कार्य बड़े पैमाने पर किए गए हैं। जन संवाद के अंतर्गत ग्रामीण जनता की समस्याओं से रूबरू हुए और उसके समाधान की बात कही। कार्यक्रम को भाजपा के जिलाध्यक्ष संजय कुमार मुन्ना, जिला भाजपा के उपाध्यक्ष सतीश कुमार सिंहा, उप प्रमुख प्रतिनिधि उदय सिंह, अकबरपुर मंडल के पूर्व अध्यक्ष रामस्नेही सिंह, मंडल अध्यक्ष मिथलेश सिंह, जिला भाजपा छात्र युवा उपाध्यक्ष मुखिया संतोष कुमार सिंह, कंचन कुमार सिंह, रामाशीष सिंह, पूर्व मुखिया विनोद कुमार राकेश, संतोष सिंह, सतीश कुमार सिंह, दिलीप कुमार पांडेय, सुनील कुमार, विनय कुमार सिंह आदि लोगों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। संचालन उदय सिंह ने किया।