सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत, दूसरा जख्मी
नवादा नवादा-जमुई पथ पर कादिरगंज सहायक थाना क्षेत्र के माया बिगहा गांव स्थित पिग फॉर्म के समीप शुक्रवार को हाईवा ने बाइक सवारों को कुचल डाला। जिसमें बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई।
नवादा : नवादा-जमुई पथ पर कादिरगंज सहायक थाना क्षेत्र के माया बिगहा गांव स्थित पिग फॉर्म के समीप शुक्रवार को हाईवा ने बाइक सवारों को कुचल डाला। जिसमें बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के गोंदापुर निवासी अरुण चौधरी के रूप में हुई। वहीं घायल युवक राजेश चौधरी खरीदी बिगहा गांव का रहने वाला है। बताया जाता है कि दोनों युवक बाइक से नवादा से वारिसलीगंज जा रहे थे। तभी पीछे से एक हाईवा ने धक्का मार दिया और फरार हो गया। दुर्घटना होते ही आसपास के ग्रामीण उन्हें बचाने दौड़ पड़े। दोनों को सदर अस्पताल भेजने की तैयारी चल रही थी। इसी बीच अरुण ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों की मदद से घायल राजेश को सदर अस्पताल भेजा गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया गया।