शराब के साथ एक बोलरो जब्त, धंधेबाज फरार
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार की देर रात पटना-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर ।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार की देर रात पटना-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर गुरुचक गांव के समीप वाहन जांच के दौरान शराब लदे एक बोलेरो वाहन को जब्त किया। बोलेरो पर 15 बोरा में तीन हजार पाउच देसी शराब लदा था। धंधेबाज अंधेरा का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। जांच टीम का नेतृत्व कर रहे उत्पाद विभाग के निरीक्षक बिनोद कुमार खलीफा ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बोलरो वाहन संख्या जेएच-21ए-6221 से झारखंड से शराब लाई जा रही है। सूचना के बाद राजमार्ग-31 पर अकबरपुर थाना क्षेत्र के गुरुचक गांव के समीप झारखंड से आने वाली वाहनों की तलाशी लेने का काम शुरू किया गया। इसी क्रम में पहुंची उक्त बोलेरो को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक वाहन लेकर तेजी से भागने लगा। तब वाहन का पीछा किया गया। पुलिस को पीछा करते देखकर धंधेबाज वाहन को कच्ची रोड में उतार दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। वाहन की तलाशी ली गई तो 15 बोरा में 200 एमएल का झारखंड निर्मित तीन हजार पाउच देसी शराब पाया गया। उन्होंने बताया कि जानकारी मिली है कि रजौली कुंडला गांव का गुड्डू खान वाहन से शराब लाने का काम करता है। धंधेबाज की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। जांच टीम में अवर निरीक्षक शैलेंद्र कुमार आजाद, एएसआइ सुशील कुमार तिवारी, बिनोद कुमार समेत सैप व उत्पाद जवान शामिल थे।