पुलिस लाइन में जिले के 666 होमगार्ड जवानों ने दिया वोट
गुरुवार को पुलिस लाइन नवादा में होमगार्ड जवानों ने पोस्टल बैलेट से अपना मतदान किया।
गुरुवार को पुलिस लाइन नवादा में होमगार्ड जवानों ने पोस्टल बैलेट से अपना मतदान किया। इसके लिए पोस्टल बैलेट कोषांग से जिले में रहने वाले होमगार्ड जवानों को जरूरी सुविधा दी गई थी। इसके लिए अलग-अलग दो फैसिलिटेशन सेंटर बनाए गए थे। सभी होमगार्ड जवान अपनी पसंद के उम्मीदवार को बैलेट पेपर से वोट करने के बाद उसे लिफाफा में बंद कर सुरक्षित बक्शा में जमा कराए। सार्जेंट मेजर के कक्ष में बक्शा को सुरक्षित रखा गया था। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद मिली जानकारी के मुताबिक 666 होमगार्ड जवानों ने वोट किया। जबकि जिले के निवासी के रूप में 734 होमगार्ड जवान हैं। पोस्टल बैलेट से मतदान को लेकर पुलिस लाइन में सुबह से ही चहल-पहल देखी गई। पूरे उत्साह के साथ होमगार्ड जवानों ने अपनी पसंद के उम्मीदवार को वोट किया। कन्हाई इंटर स्कूल में 1 हजार से अधिक मतदान कर्मियों ने डाले वोट
वारिसलीगंज विधानसभा क्षेत्र के बूथों पर चुनाव कराने की जवाबदेही संभालने वाले मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। गुरुवार को कन्हाई इंटर स्कूल में प्रशिक्षण कोषांग के मास्टर ट्रेनरों ने ईवीएम व वीवीपैट के माध्यम से चुनाव से जुड़ी हुई कई जानकारी दी। प्रशिक्षण के उपरांत कन्हाई इंटर स्कूल परिसर में ही बने फैसिलिटेशन सेंटर पर उक्त मतदान कर्मियों ने पोस्टल बैलेट से मतदान किया। जानकारी के मुताबिक 1480 कमिर्याें ने प्रशिक्षण लिया। इनमें से शाम छह बजे तक करीब 1000 मतदान कर्मी अपना वोट डाल चुके थे। यहां भी मतदान कर्मियों में पोस्टल बैलेट से मतदान करने को लेकर उत्साह देखा गया। गौरतलब है कि गुरुवार तक सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण व पोस्टल बैलेट से मतदान संपन्न हो गया। शुक्रवार को पीसीसीपी को प्रशिक्षण दिया जाएगा। ये कर्मी भी बैलेट पेपर से मतदान करेंगे।