नालंदा में पहरेदार का हाथ-पैर बांधकर राइस मिल से लुटेरे ट्रक में भर ले गए 200 क्विंटल धान
नालंदा में बुधवार की रात राइस मिल से 500 बोरी धान लूट लिया गया। 200 क्विंटल धान की लूटपाट पहरेदार को बंधक बनाकर की गई। सूचना पर पुलिस मामले की जांच-पड़ताल के लिए पहुंच गई है।
नालंदा, जेएनएन। चंडी प्रखंड के गंगौर पैक्स गोदाम की राइस मिल से बुधवार की देर रात 200 क्विंटल धान लूट लिया गया। बताया जाता है कि दर्जन भर बदमाशों ने रात करीब साढ़े 11 बजे राइस मिल में सो रहे पहरेदार लक्ष्मण जमादार का हाथ-पैर बांधकर धान का 500 बोरा ट्रक में लोड किया और चलते बने। लूटेरे नमी जांच मशीन, दो मोटर, बर्तन, चूल्हे और पहरेदार का मोबाइल साथ लेते गए। वारदात के दौरान पैक्स के रिकॉर्ड रजिस्टर को भी नष्ट कर दिया। मामले में पैक्स अध्यक्ष ने थाने में करीब पौने चार लाख रुपये की धान लूट की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
हथियार दिखाकर बनाया बंधक
गंगौरा का पैक्स गोदाम जगतपुर जाने वाली सड़क के किनारे निर्मित है, जबकी राइस मिल उससे कुछ पहले नरसंडा के निकट NH-30 ए के किनारे है। मिल की बाउंड्री वाल में गेट नहीं है। इसी का फायदा लुटेरों ने उठाया। पहरेदार लक्ष्मण ने बताया कि उसने घटना का विरोध करना चाहा तो हथियार दिखाकर उसे बंधक बना लिया गया और किसानों से अधिप्राप्त धान मिलिंग के लिए रखा हुआ अनाज लूट लिया।
रात में मंडियों में की खोजबीन, नहीं चला पता
लूटेरों के भागने के बाद लक्ष्मण ने पैक्स अध्यक्ष इंद्रजीत कुमार उर्फ टुनटुन सिंह को उनके गांव जगतपुर जाकर घटना की सूचना दी। जिसके बाद चंडी थाने की पुलिस को सूचित किया गया। रात में चंडी थाने की पुलिस एवं पैक्स अध्यक्ष व जगतपुर के ग्रामीणों ने माधोपुर, बिहारशरीफ, हिलसा, दनियावां, हरनौत, खुसरूपुर आदि स्थानों की धान मंडियों में पहुंचकर लूट के धान बरामद करने की कोशिश की पर कुछ पता नहीं चल पाया। बताते चलें कि टुनटुन सिंह लगातार पैक्स अध्यक्ष का चुनाव जीतते आए हैं। उन्होंने दो साल पहले पैक्स का राइस मिल सेट लगवाया था। पिछले साल मिल के अहाते से ऊंची घेराबन्दी करा धान भंडारण के लिए शेड बनवा दिया गया था।