भागता हुआ पहुंचा चरवाहा, बताया-उस गड्ढे से आ रही अजीब दुर्गंध, मिट्टी हटाई तो पुलिस रह गई दंग
एक चरवाहा जानवर चरा रहा था कि उसे गड्ढे से अजीब-सी दुर्गंध मिली वह दौड़ा-दौड़ा पुलिस के पास पहुंचा और उसने ये बात बता दी। पुलिस ने जब गड्ढे की मिट्टी हटाई तो देखकर दंग रह गई।
नालंदा, जेेएनएन। दो लापता युवकों की निर्मम तरीके से हत्या कर उनका शव मिट्टी के अंदर दफना दिया गया था। दोनों के परिजन खोजबीन कर रहे थे। राजगीर के चप्पे-चप्पे में उनकी तलाश की गई। बावजूद उनका कहीं सुराग नहीं मिला। थाने में गुमशुदगी का सनहा भी दर्ज कराया गया। एकदिन मटिहानी खंधा में जानवर चरा रहे एक युवक ने अजीब-सी दुर्गंध महसूस की। इसके बाद वह कीचड़युक्त गड्ढ़े के समीप पहुंचा तो दुर्गंध और तेज हो गई। वह दौड़ा-दौड़ा थाने पहुंचा और पुलिस को ये बाद बतायी। पुलिस पूरी टीम के साथ पहुंची और मिट्टी के साथ कीचड़ हटाने पर वहां से दो लाशें मिली। जिसके बाद उन दोनों की युवकों की हत्या का खुलासा हुआ।
दोनों युवक बीते 13 जून से ही घर लापता थे। पुलिस ने दोनों शवों को राजगीर थाना क्षेत्र के पावर ग्रिड के पिछले हिस्से के मटिहानी खंधा से बरामद कर लिया है। बदमाशों ने दो युवकों की निर्मम तरीके से हत्या कर दी। दोनों की आंखें फोड़ने के बाद, गोली मार युवकों को मौत के घाट उतारा गया था।
एक की पहचान बड़ी मिल्की टिल्हा पर निवासी नगीना यादव के 27 वर्षीय पुत्र जितेन्द्र यादव उर्फ गैंडा और दूसरे की पंचरूखिया कुआं टिल्हा पर निवासी अखिलेश यादव उर्फ मतलु यादव के पुत्र सत्येन्द्र यादव के रूप में की गई है। अभी हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। स्वजनों ने भी किसी पर आशंका नहीं जताई है। पुलिस तफ्तीश में जुटी है।
फोन आने पर स्कूटी से लिफ्ट लेकर इंडो होक्के होटल के पास गया था गैंडा
बताया जाता है कि बीते 13 जून को लगभग 10 बजे रात किसी ने जितेंद्र उर्फ गैंडा के मोबाइल फोन पर कॉल किया था। जिसके बाद वह रात में ही एक स्कूटी वाले लड़के से लिफ्ट लेकर इंडो होक्के होटल के पास गया था। वह लड़का स्कूटी से उसे वहां छोड कर वापस आ गया। इसके बाद से वह लापता हो गया।
गैंडा के सिर और सत्येन्द्र के सीने में मारी गई है गोली
थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया जितेंद्र गैंडा को सिर में जबकि सत्येन्द्र यादव को सीने में गोली लगी है। सिर, बदन और चेहरे पर डंडे से पिटाई के गहरे निशान हैं। उन्होंने बताया कि दोनो का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। दोनों युवकों की हत्या का कारण नहीं पता चला है। पुलिस हत्यारों की तलाश में है।