नीतीश के गृहक्षेत्र नालंदा में RJD ने कराया लौंडा डांस, होली मिलन समारोह में जमकर थिरके नेताजी
होली में अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की बिहार में गैरमौजूदगी की भरपाई उनके नेता कार्यकर्ता और समर्थक बखूबी कर रहे हैं। शनिवार को नालंदा में राजद ने लौंडा डांस कराया।
नालंदा, जेएनएन। होली में अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की बिहार में गैरमौजूदगी की भरपाई उनके नेता, कार्यकर्ता और समर्थक बखूबी कर रहे हैं। शनिवार को नालंदा के एकंगरसराय स्थित डाकबंगला परिसर में राजद के वरिष्ठ नेता महेंद्र यादव की अगुवाई में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इसमें आसपास के गांव के करीब पांच हजार लोगों ने शिरकत की। इस मौके पर बिदेशिया परंपरा के गीतों पर जमकर लौंडा डांस हुआ, जिस पर राजद कार्यकर्ता व समर्थक जमकर झूमे। बता दें कि नालंदा बिहार के सीएम नीतीश कुमार का गृह क्षेत्र है। यह लौंडा डांस यहां चर्चा का विषय बना हुआ है।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन राजद के जिलाध्यक्ष हुमायूं अख्तर तारिक और महेंद्र यादव ने किया। महेंद्र यादव ने कहा कि एक ओर पूरा विश्व कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर भयभीत हैं, पर बिहार में कोरोना का डर नहीं है, इसीलिए हम सभी खुले दिल से होली मना रहे हैं। कोरोना का असर होली पर नहीं पड़ने दिया जाएगा।
इस मिलन समारोह में हिंदुओं के अलावा मुसलमान भाई भी शरीक हुए। एक-दूसरे के साथ रंग अबीर लगाकर होली मनाई। समारोह में राजद प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद शहाबुद्दीन, पंचायत समिति सदस्य उदय यादव, राजद प्रदेश महासचिव हुमायूं अख्तर, हिलसा विधायक शक्ति सिंह यादव, रेखा पासवान, अशोक कुमार, हिमांशु धनुष कुमार यादव, टुनटुन मुखिया भी मौजूद थे।