जमीन हड़पने की खातिर मां-बेटी की हत्या
नालंदा। दीपनगर थाना क्षेत्र के पेंदापुर गांव में पुलिस ने एक बन्द पड़े घर से मां-बेटी का शव बरामद किया है। मृतका गांव के दिवंगत संतोष सिंह की 28 वर्षीया विधवा सीमा कुमारी व 12 वर्षीया पुत्री स्वाति कुमारी है। संतोष सिंह की मौत बीते साल कैंसर से हो गई थी। पति की मौत के बाद सीमा अपनी सास के साथ ही रह रही थी।
नालंदा। दीपनगर थाना क्षेत्र के पेंदापुर गांव में पुलिस ने एक बन्द पड़े घर से मां-बेटी का शव बरामद किया है। मृतका गांव के दिवंगत संतोष सिंह की 28 वर्षीया विधवा सीमा कुमारी व 12 वर्षीया पुत्री स्वाति कुमारी है। संतोष सिंह की मौत बीते साल कैंसर से हो गई थी। पति की मौत के बाद सीमा अपनी सास के साथ ही रह रही थी। जानकारी के अनुसार सीमा जीविका कार्यालय में ़फाइल मेंटेनेन्स का काम करती थी। आशंका है कि जमीन हड़पने की नीयत से दोनों की हत्या की गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार 4 दिन पहले मृतका की सास अपने रिश्तेदार के घर चली गई थी। घर में सिर्फ मां-बेटी थी। इसी बीच दोनों की हत्या कर दी गई।
दीपनगर थानाध्यक्ष मो.मुश्ताक ने बताया कि दोनों शवों में कीड़े लग चुके हैं। आशंका है कि बदमाशों ने 3 दिन पहले ही दोनों की गला दबाकर हत्या कर दी और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए।
सास जब बुधवार को आई तो बाहर से ताला लगा देखा। फिर भी उसने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया। जवाब नहीं मिलने पर आसपास के लोगों को बुलाया। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने घर के मेन डोर में लगा ताला तोड़ा तो अंदर मां-बेटी के शव फर्श पर पड़े मिले। स्थानीय लोग जमीन हड़पने की नीयत से मां - बेटी की हत्या को अंजाम देने की बात कह रहे हैं। मृतका की और कोई संतान नहीं है। मृतका की बहन की ससुराल भी पड़ोस में ही है। शक की सूई मृतका के बहनोई पर है। थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या की वजह का पता लगाया जा रहा है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।