इलाज के दौरान मरे कामगारों के स्वजन को मिला मुआवजा
संवाद सूत्र हरनौत (नालंदा) आंध्र प्रदेश के एलूरू के पोरस केमिकल लैब विस़्फोट में झुलसकर
संवाद सूत्र, हरनौत (नालंदा): आंध्र प्रदेश के एलूरू के पोरस केमिकल लैब विस़्फोट में झुलसकर मारे गए उन कामगारों के स्वजन को भी मुआवजे की राशि शुक्रवार दे दी गई। मौत इलाज के दौरान हो गई थी। जख्मियों को भी घोषित राशि का चेक एलूरू के कलक्टर ने दे दिया। उस वक्त चंडी पूर्वी क्षेत्र के जिला पार्षद निरंजन कुमार वहीं मौजूद थे।
अनुग्रह लाभ लेने वालों में शेखपुरा जिले के स्वजन भी थे। जिला पार्षद निरंजन कुमार ने बताया कि हादसे में मारे गए चंडी प्रखण्ड के हबिबुल्लाह चक निवासी कामगार मुनारिक पासवान के भाई जागेश्वर पासवान को 50 लाख रुपए का चेक मिला। इसमें 25 लाख रुपए सरकार की तरफ से तथा शेष 25 लाख लैब प्रबंधन की तरफ से मिला। दो लाख का चेक चंडी के सीओ कुमारी आंचल ने पहले ही जारी कर चुकीं है। वहीं सरथा निवासी रोशन मोची की पत्नी रेनू देवी को 45 लाख रुपए मिले। इलाज के लिए आंध्र सरकार ने पहले ही पांच लाख रुपए दे दी थी, लेकिन रोशन ने भी दम तोड़ दिया। हरनौत के वसनियावां निवासी रवि कुमार के पिता टुन्नी रविदास को पांच लाख रुपए मिले। पटना जिले के बख्तियारपुर के टेका बिगहा निवासी जख्मी सुधीर रविदास की पत्नी पूजा देवी को पांच लाख रुपए मिले। वहीं शेखपुरा जिले के चरुआमा निवासी जख्मी भिखारी रविदास की पत्नी छोटी कुमारी को भी पांच लाख रुपए दिये गए।
अगलगी में फूस की बनी 14 झोपड़ियां जलीं, सीओ ने नुकसान का लिया जायजा
संवाद सूत्र, सिलाव : सिलाव थाना क्षेत्र के नियामतनगर मुसहरी टोला में गुरुवार की देर शाम अचानक आग लग गयी। इस घटना में फूंस के बने चौदह झोपडियां जल कर खाक हो गया। अगलगी इतनी भयावह थी कि घर के लोग किसी तरह से भागकर अपनी जान बचाए। घर में रखा सारा सामान जल गया। शुक्रवार को अंचलाधिकारी ने घटनास्थल का मुआयना कर लोगों को प्रारंभिक सहायता प्रदान करते हुए आशियाना के लिए सभी परिवारों को प्लास्टिक दिया, ताकि लोग तम्बू गाड़ कर गुजर बसर कर सकें। सीओ शंभू मंडल ने बताया कि अगलगी की घटना में गोरे मांझी, महगी देवी, बलमा मांझी, महेंद्र मांझी, मुकु मांझी, धानु मांझी, विनोद मांझी, लक्ष्मीया देवी, शीशम देवी, रामप्रीत मांझी, चंदन मांझी, सुगो देवी, विनोद मांझी, संजय मांझी आदि शामिल हैं। अगलगी में चारपाई से लेकर अनाज, नकद, कपड़े आदि जलकर खाक हो गया है। अंचलाधिकारी ने बताया कि आपदा के तहत नियमानुसार सरकार के द्वारा मिलने वाली सहायता राशि लोगों को मुहैया कराया जाएगा, सभी घरों में हुए नुकसान का आंकड़ा लिया गया है। सीओ ने बताया कि अगलगी कैसे लगी इसके बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है।