धोखेबाज प्रेमी के घर प्रेमिका का हाई वोल्टेज ड्रामा, फिर हुआ ये हाल
प्रेमी अपनी प्रेमिका को धोखा देकर दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा था कि इसी बीच प्रेमिका आ धमकी। फिर जो हुआ, उसकी जानकारी के लिए पढ़ें यह खबर।
नालंदा [जेएनएन]। प्रेमी अपनी प्रेमिका को धोखा देकर दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा था। इसकी भनक लगने पर प्रेमिका अपने प्रेमी को ढ़ूंढते हुए झारखंड से बिहारशरीफ पहुंच गई। उसने प्रेमी के घर के सामने जो हाई वेाल्टेज ड्रामा किया, उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। घटना की जानकारी होने पर दूसरी लड़की ने भी शादी से इन्कार कर दिया।
साथ काम करते हो गया प्यार
जानकारी के अनुसार बिहारशरीफ के सोहसराय थाना क्षेत्र के खासगंज मोहल्ला निवासी रामेश्वर प्रसाद का पुत्र सत्यजीत सिन्हा झारखंड में एक निजी कंपनी में काम करता है। इसी कंपनी में कुजू थाना के मांडू (रामगढ़) निवासी एक युवती रंजना (काल्पनिक नाम) भी साथ में काम करती थी। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग हो गया।
धोखा देकर भागा तो प्रेमिका ने किया ये हाल
लेकिन, एक दिन सत्यजीत अचानक वहां से गायब हो गया। इस बीच रंजना को जानकारी मिली कि सत्यजीत कहीं और शादी करने जा रहा है। इससे बौखलायी रंजना प्रेमी को ढूंढते हुए बिहारशरीफ के खासगंज चली आई।
रंजना को जब प्रेमी ने पहचानने से इन्कार कर दिया तब उसने उसके घर के सामने जमकर हंगामा किया। वह वहीं धरना पर बैठ गई। हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो प्रेमी ने स्वीकार किया कि प्रेमिका सच बोल रही है।
दूसरी लड़की ने भी दुत्कारा
घटना की जानकारी सत्यजीत की होने वाली दुल्हन तक पहुंची तो उसने फोन कर उसे जमकर दुत्कारा, फिर शादी से इन्कार कर दिया। पुलिस ने भी शादी पर रोक लगा दी।