दरभंगा में गोली मारकर युवक की हत्या, रेल ट्रैक पर फेंका शव, जांच में जुटी पुलिस
दरभंगा के सादर थानाक्षेत्र कि घटना। हत्यारों ने पेट और आंख में मारी मारी गोली। पंद्रह दिन पहले जेल से बाहर आया था युवक। मामले की जांच में जुटी पुलिस।
दरभंगा, जेएनएन। शहर से सटे सदर थानाक्षेत्र के म्यूजियम और दोनार गुमटी के बीच एक संदिग्ध युवक की गोली मार हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारों ने शव को दोनों गुमटियों के बीच रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। इस बीच रविवार की सुबह घटना की जानकारी लगने के बाद पुलिस की टीम ने मौके से शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बताया गया है कि जिस रेल ट्रेक से शव मिला है वहां से निकली सड़क कटहरिया को जोड़ती है। गोली युवक की पेट और आंख में मारी गई है। बताते हैं कि जिस तरह से गोली मारी गई है, उससे किसी से गहरी दुश्मनी की आशंका है। पुलिस इस विषय पर जांच कर रही है।
युवक की पहचान बहादुरपुर थानाक्षेत्र के गंज बाजीतपुर निवासी खुसरू यादव के पुत्र लालन यादव 25 के रूप में की गई है। थानाध्यक्ष शशिकांत सिंह ने पोस्टमार्टम के लिए शव को दरभंगा मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल भेजा है। घटनास्थल से दो खोखा भी बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक मारे गए युवक का भी चरित्र आपराधिक रहा है। वह अब से 15 दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
घर से फोन कर बुलाया गया था लालन को
बताया गया है कि लालन के पिता खुसरू रिक्शा चलाते हैं। मां गंज चौक पर सब्जी बेचती है। स्वजनों ने बताया कि शनिवार की रात 10 बजे युवक को एक फोन आया। फिर वह अपने घर से बाइक से निकला। लेकिन, सुबह तक घर नहीं लौटा। परिजनों को शक हुआ और खोज की गई तो पता न चला। इस बीच सूचना मिली कि उसका शव पुलिस ने रेलवे ट्रैक से बरामद किया है।
घटना के बारे में सदर थानाध्यक्ष शशिकांत सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी।