पश्चिम चंपारण में निर्माणाधीन घर में सोए युवक की गोली मार हत्या, घर में मचा कोहराम
घटना को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आइटीआइ मुहल्ले में अंजाम दिया गया है मृतक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के बैसखवा निवासी नीरज कुमार वर्मा के रूप में की गई है।
बेतिया, जेएनएन। पश्चिम चंपारण में घर पर सोए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना को बेतिया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आइटीआइ मोहल्ला में गुरुवार की रात अंजाम दिया गया है। मृतक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के बैसखवा निवासी नीरज कुमार वर्मा के रूप में की गई है। गोली उसके सिर पर लगी है। उसे काफी करीब से गोली मारी गई है।
बताया जाता है कि नीरज आइटीआइ धांगडटोली स्कूल के पीछे घर निर्माण करवा रहे थे। वे अपने निर्माणधीन घर में सोए थे। वह घर में अकेले थे। इसी दौरान बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। शुक्रवार की सुबह लोगों को इसकी जानकारी हुई। आसपास के लोगों के अनुसार, युवक को कब गोली मारी गई किसी को पता नहीं है। घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
युवक के परिजन का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। घर में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने इस घटना की सूचना मुफस्सिल थाना की पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पहुंची और स्थिति का मुआयना किया। मामले की जांच में पुलिस जुट गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजवा दिया गया है। पुलिस उसके परिजन से आवश्यक जानकारी ले रहे है।