Madhubani Coronavirus News Update: मधुबनी के क्वारंटाइन सेंटर में कैंसर पीड़ित महिला की मौत
दिल्ली के अस्पताल में चल रहा था इलाज चिकित्सकों ने दे दिया था जवाब। एंबुलेंस से गांव ले आए थे स्वजन क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे थे सभी।
मधुबनी, जेएनएन। बासोपट्टी प्रखंड के झिटकोहिया क्वारंटाइन सेंटर में रह रहीं एक महिला की बुधवार को मौत हो गई है। वह कैंसर पीड़ित थी। दिल्ली के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। वहां चिकित्सकों के जवाब दे दिए जाने पर स्वजन उन्हें एंबुलेंस से गांव ले आए थे। गांव अाने की सूचना के बाद उन्हें क्वारंटाइन सेंटर ले आया गया था।
बताया जाता है कि रीता देवी (50) को सोमवार की संध्या दिल्ली से लेकर लोग गांव पहुंचे थे। उनके आने की सूचना प्रशासन को स्क्रीनिंग में मिली। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने उन्हें झिटकोहिया विद्यालय में बनाए गए क्वॉरंटाइन सेंटर में रहने के लिए कहा। प्रशासन की बात मानते हुए रीता के पति प्रमोद झा व अन्य लोग क्वारंटाइन सेंटर में ही रह रहे थे। अाज उनकी यहीं मौत हो गई। इसकी जानकारी बीडीओ मनीष कुमार सिंह, सीओ सुमन सहाय व थानाध्यक्ष इंदल यादव को हुई।
सभी ने वरीय पदाधिकारियो से वार्ता के बाद चार लोगों से उनका अंतिम संस्कार करने की अनुमति दी। वहीं अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले चारों लोगों को भी क्वारंटाइन सेंटर में रहने को कहा गया। बीडीओ ने बताया कि महिला कैंसर सी पीड़ित थीं। उसी से उनकी मौत हुई है। हालांकि, दिल्ली से उनके साथ आने वाले सभी लोगों को 14 दिनों तक क्वारंटाइन सेंटर में रहना होगा।