मुजफ्फरपुर में मानवता शर्मसार करने वाली घटना, संतान नहीं जनने पर की महिला की हत्या Muzaffarpur News
मुजफ्फरपुर के करजा थाना क्षेत्र की घटना। दहेज में बाइक व एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे ससुराल वाले साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को पानी में फेंका।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। करजा थाना क्षेत्र के ऐमा विशुनपुर गांव में बच्चा नहीं जनने व दहेज में बाइक व एक लाख रुपये नहीं देने से आक्रोशित ससुराल वालों ने महिला की हत्या कर दी। वहीं साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को पानी मे फेंक दिया। इस संबंध में मृतका के पिता सकरा थाना निवासी रामप्रताप राम ने मृतका के पति विनोद राम, सास शीला देवी, संतोष राम, ननद सीता देवी व समीता देवी के खिलाफ करजा थाने में मामला दर्ज कराया है।
शादी के बाद से ही दहेज के लिए कर रहे थे प्रताडि़त
मामले में कहा कि 7 वर्ष पूर्व हिंदू रीति रिवाज से अपनी पुत्री विनीता कुमारी की शादी विनोद राम से की थी। शादी के बाद से ही ससुराल वालों द्वारा बाइक व नकदी के लिए उसे प्रताडि़त किया जाने लगा। इस दौरान ससुराल वालों ने कई बार उसे घर से भी निकाल दिया जिसकी पंचायती कर उसे ससुराल में रखवाया गया। इस बीच उसे कोई संतान नहीं हुई जिसके बाद ससुराल वालों की प्रताडऩा और बढ़ गई। इस बीच 18 फरवरी को ससुराल वालों ने महिला की हत्या कर साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य शव को पानी में फेंक दिया।
इधर, मामले की सूचना जैसे ही मायके बालों को हुई, उनलोगों ने करजा पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार की शाम शव का पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया। मृतका के पिता ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उसके पुत्र की शादी जबरन मृतका की ननद से कर दी गई जो उसकी बहू है। वह अभी अपने ससुराल में ही रह रही है। घटना के बाद उसने ससुराल वाले को धमकी दी कि अगर किसी तरह का मामला दर्ज कराया गया तो वह भी उनलोगों को केस दर्ज कर फंसा देगी। इस संबंध में थानाध्यक्ष सरोज कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी को छापेमारी की जा रही है।